रांची

आंदोलनकारी छात्र-छात्राओं के इलाज का पूरा खर्च उठाएगी झारखंड सरकार : इरफान अंसारी

Ranchi News: झारखंड में छात्र-छात्राओं के आंदोलन के बीच स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रविवार को आंदोलनकारी छात्रों से भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों और मांगों के लिए संघर्ष करना छात्रों का अधिकार है, लेकिन अपनी जिंदगी और स्वास्थ्य को खतरे में डालना उचित नहीं है। सरकार छात्रों की मांगों और उनकी भावनाओं को गंभीरता से समझ रही है।

आंदोलनकारी छात्रों को मुफ्त इलाज का भरोसा

स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि आंदोलन के दौरान यदि किसी छात्र-छात्रा की तबीयत बिगड़ती है या अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत पड़ती है, तो राज्य सरकार बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि किसी भी आंदोलनकारी छात्र-छात्रा को इलाज से वंचित नहीं किया जाए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आंदोलनकारी छात्रों के इलाज के नाम पर किसी प्रकार की राशि नहीं ली जाएगी। उपचार से संबंधित आवश्यक खर्च राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग द्वारा वहन किया जाएगा।

आंदोलन स्थल पर मेडिकल टीम तैनात

डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि आंदोलन स्थल पर स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीमों को आवश्यकता के अनुसार तैनात रखा गया है। ये टीमें आंदोलनकारी छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की निगरानी करेंगी और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराएंगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने छात्रों से अपील की कि वे अपनी जान को जोखिम में न डालें और स्वास्थ्य की अनदेखी न करें।

अनशन और भूख हड़ताल से बचने की अपील

स्वास्थ्य मंत्री ने आंदोलनकारी छात्र-छात्राओं से कहा कि वे अपनी मांगों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखें और अपनी आवाज मजबूती से उठाएं, लेकिन अनशन और भूख हड़ताल जैसे कदमों से बचें।

उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की बात सुन रही है और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर रही है। ऐसे में संवाद और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से समाधान निकालना सबसे बेहतर रास्ता है।

“आपकी जिंदगी आपकी मांगों से भी ज्यादा कीमती”

डॉ. इरफान अंसारी ने छात्रों से भावुक अपील करते हुए कहा कि झारखंड के युवा राज्य का भविष्य हैं और उनकी सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।

उन्होंने कहा, “आपकी आवाज जरूरी है, आपका संघर्ष महत्वपूर्ण है, लेकिन आपकी जिंदगी उससे भी ज्यादा कीमती है। अपनी मांगों के लिए लड़िए, अपनी आवाज बुलंद कीजिए, लेकिन अपनी जान को दांव पर मत लगाइए।”

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि संवाद, संवेदनशीलता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से पूरे मामले का सकारात्मक और सम्मानजनक समाधान निकाला जाए।

“आपकी सरकार आपके साथ है”

अपने संदेश के अंत में स्वास्थ्य मंत्री ने आंदोलनकारी छात्रों से सरकार पर विश्वास रखने और बातचीत का रास्ता खुला रखने की अपील की। उन्होंने कहा, “आपकी सरकार आपके साथ है। स्वास्थ्य मंत्री आपके साथ खड़ा है। आपकी पीड़ा मेरी पीड़ा है।”

उन्होंने एक बार फिर सभी आंदोलनकारी छात्र-छात्राओं से अनशन एवं भूख हड़ताल से बचने, अपने स्वास्थ्य की रक्षा करने और संवाद के माध्यम से समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *