पूर्वी सिहंभूमि

पूर्वी सिंहभूम: हल्दीपोखर में बारिश से ढहा कच्चा मकान, बेघर हुआ परिवार

पूर्वी सिंहभूम (पोटका): जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत हल्दीपोखर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से एक गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बुधवार देर रात हुई इस घटना में विनोद गुप्ता का कच्चा मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया, जिससे उनका परिवार बेघर हो गया है। हालांकि, गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए।

शोक के बीच टूटा दुखों का पहाड़

पीड़ित विनोद गुप्ता की मां का महज दो दिन पहले ही निधन हुआ था। पूरा परिवार अभी मां के जाने के शोक में डूबा हुआ था और घर पर रिश्तेदारों व परिचितों का आना-जाना बना हुआ था।

इसी बीच बुधवार देर रात लगभग 12 बजे तेज बारिश के कारण पड़ोसी के मकान की पक्की दीवार विनोद गुप्ता के कच्चे घर पर आ गिरी। दीवार गिरते ही पूरा मकान भरभराकर ढह गया। गनीमत रही कि वक्त रहते परिवार के सदस्य किसी तरह बाहर निकल आए और बड़ी अनहोनी टल गई।

“मां के जाने के दुख से अभी संभल भी नहीं पाए थे कि अब सिर से छत भी छिन गई। सरकार और प्रशासन मदद करे ताकि परिवार के लिए फिर से आशियाना बना सकें।”विनोद गुप्ता, पीड़ित

मुखिया ने लिया जायजा, जल्द मुआवजे की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही हल्दीपोखर पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज मौके पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मिलकर स्थिति का जायजा लिया।

मुखिया ने जिला प्रशासन से मांग की है कि:

  • पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री और अम्बल/तिरपाल मुहैया कराया जाए।
  • बेघर हुए परिवार को उचित मुआवजा और आवास योजना का लाभ जल्द से जल्द दिया जाए।
  • पिछले वर्ष के प्राकृतिक आपदा प्रभावितों के लंबित पड़े मुआवजा मामलों का भी शीघ्र निपटारा किया जाए।

स्थानीय ग्रामीणों ने भी जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार की वर्तमान स्थिति को देखते हुए बिना किसी देरी के आर्थिक सहायता पहुंचाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *