Home

जेपीएससी 14वीं परीक्षा में गड़बड़ी: पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से लगातार तीसरे दिन सीआईडी की पूछताछ

Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) मुख्यालय पहुंचे। यहां सीआईडी अधिकारियों ने भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा संचालन और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं को लेकर उनसे विस्तृत पूछताछ की।

भर्ती प्रक्रिया और प्रश्नपत्र प्रबंधन पर सवाल

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सीआईडी दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। पहले दिन एल. खियांग्ते से करीब आठ घंटे और दूसरे दिन लगभग नौ घंटे तक पूछताछ हुई थी। इस दौरान भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा संचालन, प्रश्नपत्र प्रबंधन, निजी एजेंसी की भूमिका और चयन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली गई। तीसरे दिन भी इन पहलुओं पर पूछताछ जारी रही।

सीआईडी ने पासपोर्ट किया जब्त

जांच के दौरान सीआईडी ने एल. खियांग्ते का पासपोर्ट भी जब्त कर लिया है। जांच एजेंसी का मानना है कि जांच पूरी होने तक यह कदम जरूरी है, ताकि बिना अनुमति विदेश जाने की किसी संभावना को रोका जा सके।

आवास और जेपीएससी कार्यालय में हो चुकी है छापेमारी

इससे पहले सीआईडी ने नोटिस जारी करने से पहले कांके रोड स्थित एल. खियांग्ते के सरकारी आवास और जेपीएससी कार्यालय स्थित उनके कक्ष में छापेमारी की थी। करीब पांच घंटे चली कार्रवाई के दौरान जांच अधिकारियों ने कई दस्तावेजों की जांच की और प्रारंभिक पूछताछ भी की थी।

जांच के क्रम में सीआईडी ने जेपीएससी कार्यालय के अलावा परीक्षा संचालन से जुड़ी निजी एजेंसी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के कार्यालय में भी तलाशी ली। जेपीएससी कार्यालय से भर्ती परीक्षाओं से संबंधित दस्तावेज, ओएमआर शीट और कंप्यूटर से डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं। वहीं, टीडीपीएल कार्यालय से परीक्षा संचालन और मूल्यांकन प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड भी जांच टीम ने अपने कब्जे में लिए हैं। इनकी फॉरेंसिक और तकनीकी जांच की जा रही है।

अब तक 10 गिरफ्तार

14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के दौरान सीआईडी अब तक जेपीएससी की उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता सहित 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच एजेंसी के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *