खेल

धनबाद की अनंदिता किशोर को बीसीसीआई के महिला तेज गेंदबाजी कैंप का बुलावा

Dhanbad: धनबाद की युवा क्रिकेटर अनंदिता किशोर का चयन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित महिला तेज गेंदबाजों के विशेष कैंप के लिए हुआ है। अनंदिता को सीनियर चयन समिति ने कैंप के लिए आमंत्रित किया है।

बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में यह कैंप 3 से 9 अगस्त तक आयोजित होगा। बीसीसीआई की ओर से झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) को भेजे गए ई-मेल में अनंदिता को 2 अगस्त को रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है।

अंडर-19 विश्व कप में भारतीय टीम का रह चुकी हैं हिस्सा

अनंदिता के चयन पर धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) के पदाधिकारियों ने खुशी जताई है। डीसीए अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि अनंदिता इससे पहले अंडर-19 विश्व कप टूर्नामेंट में भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। उन्होंने कहा कि अपनी प्रतिभा और प्रदर्शन के दम पर अनंदिता लगातार राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित करने में सफल रही हैं।

डीसीए पदाधिकारियों ने दी बधाई

अनंदिता की इस उपलब्धि पर महिला समिति की चेयरमैन डॉ. सरिता सिन्हा, सदस्य आसनी सिंह, डॉ. नीतू सहाय, पूनम शर्मा, सुप्रिया कुमारी, डॉ. रीना बर्नवाल, महासचिव बिनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष संजीव झा, मनोज कुमार सिंह, ललित जगननी, जावेद खान, उत्तम बिस्वास, साध्वेंद्र सिंह, संजीव राणा, अशोक सराफ सहित अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *