Home

खूंटी में स्वतंत्रता दिवस 2026 की तैयारियां तेज, 14 अगस्त को होगी सांस्कृतिक संध्या

खूंटी, 30 जुलाई: स्वतंत्रता दिवस 2026 के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं और सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने बताया कि जिला मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस पर सुबह 8:15 बजे झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद सुबह 9:00 बजे कचहरी मैदान में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड और अन्य कार्यक्रम होंगे। वहीं उपायुक्त आवास, समाहरणालय, नगर पंचायत, जिला परिषद, अनुमंडल कार्यालय, एसडीपीओ कार्यालय, पुलिस लाइन सहित सभी सरकारी कार्यालयों में सुबह 8 बजे तक ध्वजारोहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में परेड, राष्ट्रगान, मंच एवं बैठक व्यवस्था, आमंत्रण पत्र, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, जलपान, ट्रैफिक नियंत्रण, अग्निशमन व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई। नगर पंचायत को कचहरी मैदान की साफ-सफाई और आकर्षक सजावट की जिम्मेदारी दी गई, जबकि एसडीपीओ को परेड का नियमित अभ्यास कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिले के शहीदों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, सजावट और माल्यार्पण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 14 अगस्त की शाम को बिरसा कॉलेज के बहुउद्देशीय भवन में भव्य सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए अलग समिति का गठन किया गया है।

उपायुक्त ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों, स्वतंत्रता सेनानियों, सीएम एसओई के 10वीं एवं 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी पदाधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला कल्याण पदाधिकारी, डीएसपी मुख्यालय, सिविल सर्जन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *