Home

गुरु पूर्णिमा पर श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में उमड़ी श्रद्धा, 51 किलो केसरिया खीर का लगा भोग

रांची, 29 जुलाई। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाया गया। परमहंस डॉ. सदानंद जी महाराज के सानिध्य में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया।

महोत्सव का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। मंदिर के पुजारी अरविंद पांडे ने भगवान श्री राधा-कृष्ण की विशेष पूजा संपन्न कराई। इस अवसर पर भगवान का आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

51 किलो केसरिया खीर का विशेष भोग

पूजा-अर्चना के बाद भगवान श्री राधा-कृष्ण को 51 किलो केसरिया खीर का विशेष भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।

गुरुजनों का हुआ विधिवत पूजन

कार्यक्रम के दौरान गुरुजी श्री मंगल दासजी महाराज, श्री श्री 108 संत गुरु राधिका दासजी महाराज तथा परमहंस डॉ. सदानंद जी महाराज का विधिवत पूजन एवं वंदन किया गया। श्रद्धालुओं ने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके बताए आध्यात्मिक मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर

महोत्सव में दीप प्रज्ज्वलन, सामूहिक आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। भक्ति गीतों और संकीर्तन से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। श्रद्धालु देर तक भगवान श्री राधा-कृष्ण की आराधना और गुरु भक्ति में लीन रहे।

गुरु जीवन को सही दिशा देते हैं : संजय सर्राफ

ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल और प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु को ज्ञान, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का स्रोत माना गया है। उन्होंने कहा कि गुरु ही मनुष्य को अज्ञान के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाते हैं और गुरु पूर्णिमा का पर्व उनके प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और समर्पण व्यक्त करने का संदेश देता है।

कार्यक्रम के समापन पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में महाप्रसाद का वितरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *