Home

गोड्डा होम्योपैथिक कॉलेज को मिले छह नए लेक्चरर, स्वास्थ्य मंत्री बोले- किसी भी कीमत पर बंद नहीं होगा संस्थान

रांची, 29 जुलाई। झारखंड सरकार ने राजकीय होम्योपैथिक महाविद्यालय एवं अस्पताल, परसापानी (गोड्डा) में छह नए लेक्चररों की नियुक्ति की है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इसे राज्य में स्वास्थ्य शिक्षा को सशक्त बनाने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इससे पहले भी महाविद्यालय में चार लेक्चररों की नियुक्ति की जा चुकी है। अब शिक्षकों की संख्या बढ़ने से नियमित पठन-पाठन सुनिश्चित होगा और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।

कॉलेज को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य चिकित्सा शिक्षा संस्थानों को मजबूत करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कीमत पर कॉलेज को बंद नहीं होने दिया जाएगा, बल्कि इसे बेहतर संस्थानों की श्रेणी में लाने के लिए सभी आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि झारखंड के विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य देना सरकार की प्राथमिकता है।

जल्द करेंगे महाविद्यालय का दौरा

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कॉलेज और अस्पताल केवल शिक्षा के नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं के भी महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इसलिए संस्थान में सकारात्मक शैक्षणिक माहौल बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित लोगों से सीधे विभाग से संपर्क करने की अपील की।

उन्होंने यह भी बताया कि वह जल्द ही महाविद्यालय का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे। साथ ही गोड्डा के उपायुक्त को संस्थान के सुचारु संचालन, सुरक्षा, आधारभूत सुविधाओं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *