रांची

स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एफजेसीसीआई व एमिटी यूनिवर्सिटी के बीच एमओयू, आदित्य मल्होत्रा बोले- झारखंड बनेगा उद्यमिता का सशक्त केंद्र

रांची। एमिटी यूनिवर्सिटी झारखंड द्वारा आयोजित स्टार्टअप कॉन्क्लेव-2026 के दौरान फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) और एमिटी यूनिवर्सिटी झारखंड के बीच स्टार्टअप, नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं झारखंड चैंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि दुनिया की हर बड़ी कंपनी और हर क्रांतिकारी विचार की शुरुआत एक छोटे से विचार से होती है। ऐसे आयोजन युवाओं के सपनों को साकार करने और उन्हें नवाचार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि आज विश्वविद्यालय केवल शिक्षा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नवाचार, अनुसंधान और स्टार्टअप संस्कृति के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं। ऐसे मंच युवाओं को नए विचार विकसित करने, उद्योग जगत से जुड़ने और वास्तविक समस्याओं के समाधान खोजने का अवसर प्रदान करते हैं।

आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि आज का युवा रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बन रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों, सांस्कृतिक विरासत और प्रतिभाशाली युवाओं से समृद्ध राज्य है। यदि पारंपरिक उद्योगों को आधुनिक तकनीक आधारित उद्यमों से जोड़ा जाए, तो झारखंड स्टार्टअप के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर सकता है। उन्होंने कृषि, स्वच्छ ऊर्जा, डिजिटल तकनीक, लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाएं होने की बात कही।

उन्होंने कहा कि झारखंड चैंबर का उद्देश्य उद्योग, शिक्षण संस्थानों और सरकार के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करना है, ताकि नवाचार को बढ़ावा मिले और युवाओं के विचार सफल व्यवसाय का रूप ले सकें। चैंबर स्टार्टअप्स को अनुभवी उद्योगपतियों का मार्गदर्शन, उद्योग जगत से संपर्क और नीतिगत सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

युवा उद्यमियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि उद्यमिता का मार्ग चुनौतियों से भरा होता है, लेकिन हर चुनौती नई सीख देती है। उन्होंने युवाओं से समस्या-आधारित नवाचार विकसित करने, बदलते समय के अनुरूप स्वयं को ढालने और टीम भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के सचिव जितेन्द्र कुमार सिंह, झारखंड चैंबर के उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, स्किल डेवलपमेंट उप समिति के चेयरमैन प्रियंक भगत, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, निवेशक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *