Home

सावन महोत्सव मेले में नेत्रदान जागरूकता अभियान चला, झूलोत्सव में झूमीं महिलाएं

रांची, 22 जुलाई। अग्रवाल सभा रांची की महिला समिति शाखा के तत्वावधान में महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित 27वें तीन दिवसीय सावन महोत्सव मेले के दूसरे दिन बुधवार को नेत्रदान जागरूकता अभियान और सावन सिंधारा झूलोत्सव का आयोजन किया गया। सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक उल्लास से जुड़े इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं और शहरवासियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर रोशनी खलखो और उपमहापौर नीरज कुमार उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने नेत्रदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस पुनीत कार्य के लिए आगे आने की अपील की।

इस अवसर पर नेत्र विशेषज्ञ डॉ. भारती कश्यप ने कहा कि किसी व्यक्ति के निधन के छह घंटे के भीतर नेत्रदान किया जा सकता है और एक व्यक्ति के दोनों नेत्र दो लोगों के जीवन में रोशनी ला सकते हैं। उन्होंने नेत्रदान की प्रक्रिया और नेत्र संरक्षण के वैज्ञानिक पहलुओं की भी जानकारी दी। इस दौरान महापौर रोशनी खलखो, उपमहापौर नीरज कुमार, अग्रवाल सभा के अध्यक्ष, मंत्री तथा अन्य पदाधिकारियों ने स्वयं नेत्रदान संकल्प पत्र भरकर अभियान का समर्थन किया। मेले में पूरे दिन नेत्रदान पंजीकरण अभियान भी चलाया गया, जिसमें कई लोगों ने रुचि दिखाई।

उपमहापौर नीरज कुमार ने रांची नगर निगम के सभी 53 वार्डों में नेत्र जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित करने का आग्रह किया। वहीं, महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि नेत्रदान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से इस अभियान को सामाजिक आंदोलन का स्वरूप देने की अपील की।

मेले के दूसरे सत्र में सावन सिंधारा और झूलोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। महिलाओं ने सावन गीतों पर झूला झूलते हुए पारंपरिक उत्सव का आनंद लिया। अंताक्षरी, मनोरंजक खेलों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को जीवंत बना दिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया, वहीं पारंपरिक व्यंजनों का भी सभी ने आनंद लिया।

मेले में 100 से अधिक स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इनमें जयपुर, कोलकाता, बनारस और भागलपुर की साड़ियां, डिजाइनर ज्वेलरी, लहंगे, राखियां, हस्तशिल्प, पूजा सामग्री तथा घरेलू उपयोग की विभिन्न वस्तुएं उपलब्ध हैं। खरीदारी के लिए महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। विशेष रूप से महिला उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे और उन्हें अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का बेहतर अवसर मिला।

कार्यक्रम में अग्रवाल सभा के पदाधिकारी, महिला समिति की सदस्याएं तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और शहरवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *