कोकर के खोरहाटोली में घर में सो रहे व्यक्ति की हत्या, सिर पर लोहे के औजार से वार
रांची, 22 जुलाई। राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित कोकर के खोरहाटोली में बुधवार सुबह एक व्यक्ति की हत्या से सनसनी फैल गई। अपराधियों ने घर में सो रहे रमेश ठाकुर की लोहे के औजार से सिर पर वार कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, रमेश ठाकुर मंगलवार रात अपने कमरे में अकेले सो रहे थे। बुधवार सुबह परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो उनका शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रमेश ठाकुर के दो मकान पास-पास स्थित हैं। इनमें से एक मकान किराये पर है, जबकि उसी मकान में उन्होंने अपने लिए एक कमरा सुरक्षित रखा था, जहां वह रात में सोते थे। पुलिस किरायेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रमेश ठाकुर पहले जमीन के कारोबार से जुड़े थे और हाल के दिनों में झाड़-फूंक का कार्य भी करते थे। पुलिस उनके पुराने विवाद, व्यक्तिगत संबंधों और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
जांच में यह भी पता चला है कि हमलावरों ने लोहे के औजार से उनके सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और फॉरेंसिक टीम की सहायता से जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
सदर थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि हत्या के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में आशंका है कि वारदात में मृतक के परिचित लोगों का हाथ हो सकता है। संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
