27वें तीन दिवसीय सावन महोत्सव मेले का शुभारंभ
मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा- महिलाओं की प्रतिभा और आत्मनिर्भरता का सशक्त मंच है सावन मेला
रांची : अग्रवाल सभा, रांची की महिला समिति शाखा के तत्वावधान में महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित 27वें तीन दिवसीय सावन महोत्सव मेले का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन राज्य की मंत्री दीपिका पांडे सिंह एवं अग्रवाल सभा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष गोवर्धन गाड़ोदिया ने संयुक्त रूप से किया।
मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि सावन मेला केवल खरीदारी का आयोजन नहीं, बल्कि महिलाओं की अद्वितीय प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपने हुनर और उद्यमिता को पहचान दिलाने के साथ सामाजिक सहभागिता का बेहतर मंच भी उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि महिलाओं के उद्यमी बनने से समाज, परिवार और राष्ट्र और अधिक सशक्त होगा।
कार्यक्रम में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने अतिथियों का स्वागत किया। सभा के मंत्री निर्मल बुधिया ने संस्था की सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर अध्यक्ष मनोज चौधरी एवं मंत्री निर्मल बुधिया ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ, स्मृति-चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
महिला समिति की संयोजिका रूपा अग्रवाल ने मेले के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह आयोजन महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करने का प्रभावी माध्यम है। वहीं मेला संयोजिका अनुसूया नेवटिया ने बताया कि मेले में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें परिधान, आभूषण, गृह सज्जा, हस्तशिल्प, खानपान एवं अन्य आकर्षक उत्पाद उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि मेले के दूसरे दिन सावन सिंघारा कार्यक्रम का आयोजन होगा, जबकि समापन समारोह में सर्वश्रेष्ठ स्टॉल को सम्मानित किया जाएगा।
मेले के पहले दिन बड़ी संख्या में महिलाओं एवं परिवारों ने विभिन्न स्टॉलों पर खरीदारी की और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। इस अवसर पर अग्रवाल सभा एवं महिला समिति की पदाधिकारी, सदस्य तथा शहर की अनेक महिलाएं उपस्थित थीं।
