Home

108 एंबुलेंस लापरवाही मामला: पुलिस ने श्मशान से जुटाए राख के नमूने, एफएसएल जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

जमशेदपुर | 20 जुलाई

पूर्वी सिंहभूम जिले में 108 एंबुलेंस सेवा में कथित लापरवाही के कारण मरीज की मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सोमवार को पटमदा थाना प्रभारी विष्णुचरण भोगता जांच के तहत जोड़सा गांव स्थित मृतक संतोष कुंभकार के घर पहुंचे और परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

श्मशान घाट से लिए गए राख के नमूने

पूछताछ के दौरान परिजनों ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया था और अंतिम संस्कार गांव के श्मशान घाट में कर दिया गया था। इसके बाद पुलिस टीम श्मशान घाट पहुंची और वहां से राख के नमूने एकत्र किए। पुलिस के अनुसार इन नमूनों को जांच के लिए रांची स्थित फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) भेजा जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

क्या है पूरा मामला?

दो दिन पहले जोड़सा गांव निवासी संतोष कुंभकार की तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा को बुलाया था। आरोप है कि मौके पर पहुंची एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध नहीं था, जिससे मरीज को समय पर आवश्यक चिकित्सीय सहायता नहीं मिल सकी। परिजनों का आरोप है कि ऑक्सीजन और उचित उपचार नहीं मिलने के कारण संतोष कुंभकार की मौत हो गई।

तीन कर्मियों पर एफआईआर दर्ज

मामले के तूल पकड़ने के बाद पूर्वी सिंहभूम के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर पटमदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. राजीव कुमार सिंह की शिकायत के आधार पर 108 एंबुलेंस सेवा के क्लस्टर लीडर आलोक कुमार, चालक निलेश कुमार और तकनीशियन सुजीत कुमार के खिलाफ पटमदा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया नोटिस

स्वास्थ्य विभाग ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए एंबुलेंस सेवा संचालित करने वाली एजेंसी को नोटिस जारी किया है। सिविल सर्जन ने एजेंसी से दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग दोनों स्तरों पर मामले की जांच जारी है।

पूर्व मंत्री ने उठाए सवाल

घटना को लेकर पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में कथित लापरवाही के कारण एक मरीज की जान चली गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

#Jamshedpur #EastSinghbhum #108Ambulance #AmbulanceNegligence #Jharkhand #PoliceInvestigation #HealthDepartment #BreakingNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *