रांची

श्री श्याम मंदिर में 209वां श्री श्याम भंडारा संपन्न, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद

रांची : हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में शनिवार को श्री श्याम मित्र मंडल के तत्वावधान में 209वें श्री श्याम भंडारा का भव्य आयोजन किया गया। भक्ति और श्रद्धा के माहौल में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा श्री श्याम के दर्शन किए तथा महाप्रसाद ग्रहण किया। इस बार का भंडारा ओम प्रकाश गुप्ता एवं मंजू गुप्ता के परिवार की ओर से निवेदित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत बाबा श्री श्याम को विशेष भोग अर्पित कर की गई। मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया, महामंत्री गौरव अग्रवाल तथा यजमान परिवार ने श्रद्धालुओं के साथ मिलकर “आओ-आओ भोग लगाओ बाबा श्याम जी” भजन प्रस्तुत किया। भक्ति गीतों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा।

विधि-विधान से भोग अर्पित करने के बाद महाप्रसाद में उसे सम्मिलित किया गया। इसके पश्चात यजमान परिवार के सदस्यों ने मंदिर के आचार्यों को भोजन प्रसादी ग्रहण कराई। परंपरा के अनुसार प्रत्येक शनिवार भंडारे का एक भाग गौशाला में गौमाता के लिए भी भेजा गया, जिसे मंडल के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने पहुंचाया।

भंडारे के दौरान श्री श्याम मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। हरमू रोड पर दर्शन और प्रसाद ग्रहण करने के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। “खाटू नरेश की जय” और “प्रथम देव श्री गणेश महाराज की जय” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं को वेजिटेबल पुलाव, आलू-लौकी की मिक्स झोलदार सब्जी, केसरिया जलेबी, बिस्किट, खीर और चूरमा का महाप्रसाद वितरित किया गया।

भंडारे के सफल आयोजन में मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया, महामंत्री गौरव अग्रवाल, यजमान परिवार के ओम प्रकाश गुप्ता, मंजू देवी, ऋषि, निवेदिता, आदिश्री, अन्वेषा, प्रिशा, निरीश गुप्ता, दीपक, नीति अग्रवाल, मंडल के उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया, अशोक लड़िया, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्यामसुंदर शर्मा, अनुज मोदी, अंकित सिंह, हर्ष मिश्रा, मनोज खेतावत, उपेंद्र पांडे सहित 50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग किया।

21 जुलाई को होगा सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ

श्री श्याम मित्र मंडल ने बताया कि 21 जुलाई (मंगलवार) को शाम 4:30 बजे से हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में 213वें श्री सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जाएगा। मंडल ने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *