Home

दुमका में विवेक राउत के आवास पर वन विभाग का छापा, वारंटी की तलाश में पहुंची थी टीम

दुमका : दुमका के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत महुआडंगाल स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन के पूर्व आप्त सचिव विवेक राउत के आवास पर शनिवार सुबह वन विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई प्रशिक्षु भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारी पुष्कर के नेतृत्व में की गई। छापेमारी में वन विभाग के अधिकारियों, फॉरेस्ट गार्ड और पुलिस बल के जवान शामिल थे।

जानकारी के अनुसार, संयुक्त टीम सुबह करीब छह बजे विवेक राउत के आवास पहुंची, लेकिन मुख्य गेट बंद होने के कारण अधिकारियों को करीब तीन घंटे तक बाहर इंतजार करना पड़ा। इस दौरान छापेमारी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ लोगों ने कार्रवाई से संबंधित दस्तावेज दिखाने की मांग की, जिसको लेकर कुछ देर के लिए अधिकारियों और स्थानीय लोगों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए माहौल शांत कराया।

करीब तीन घंटे बाद छापेमारी दल घर के भीतर प्रवेश कर तलाशी अभियान शुरू किया। सूत्रों के मुताबिक, टीम विवेक राउत के भतीजे पंकज राउत की तलाश में पहुंची थी। बताया जा रहा है कि कार्रवाई शुरू होने से पहले ही पंकज राउत घर से निकल चुके थे, जिसके कारण वे टीम के हाथ नहीं लग सके।

तलाशी अभियान समाप्त होने के बाद जब वन विभाग की टीम वापस लौट रही थी, तब कुछ लोगों ने विभाग के वाहन को रोककर चालक से बहस की। मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और टीम को सुरक्षित रवाना कराया। घटना के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति या हिंसा की सूचना नहीं है।

प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारी पुष्कर ने छापेमारी के संबंध में विस्तृत जानकारी देने से इनकार करते हुए केवल इतना बताया कि तलाशी के दौरान कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। उन्होंने जांच के उद्देश्य या अन्य पहलुओं पर टिप्पणी करने से भी परहेज किया।

वहीं, जिला वन पदाधिकारी (डीएफओ) सात्विक ने बताया कि यह कार्रवाई वन विभाग के एक पुराने मामले में की गई। उन्होंने कहा कि संबंधित प्रकरण में एक वारंटी की तलाश के लिए छापेमारी की गई थी। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *