Home

कल निकलेगी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा, हाईलेवल बैठक में की गई तैयारियों की समीक्षा

रांची। राजधानी रांची में गुरुवार को निकलने वाली भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा और दस दिनों तक चलने वाले रथ मेले को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर बुधवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

बैठक में रांची के एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक एसपी, हटिया डीएसपी, एनडीआरएफ के अधिकारी तथा पुलिस-प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की विस्तृत समीक्षा की गई।

सात वॉच टॉवर, 1000 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

रथ मेले की सुरक्षा के लिए पूरे मेला परिसर में सात वॉच टॉवर बनाए गए हैं। इन पर तैनात पुलिसकर्मियों को दूरबीन (बाइनोक्युलर) उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा सके। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें रैपिड एक्शन पुलिस (RAP), झारखंड सशस्त्र पुलिस (JAP), JAP-10 महिला बटालियन, जिला पुलिस, होमगार्ड, SIRB सहित अन्य सुरक्षा बल शामिल रहेंगे।

ड्रोन और सीसीटीवी से होगी चौबीसों घंटे निगरानी

पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए दो अत्याधुनिक कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। पहला निलाद्री भवन और दूसरा मौसीबाड़ी के सामने संचालित होगा। दोनों कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेंगे और पूरे मेले की गतिविधियों पर लगातार नजर रखेंगे।

आपदा से निपटने के लिए विशेष इंतजाम

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, वज्र वाहन, टियर गैस टीम और रिजर्व पुलिस बल को भी तैनात किया गया है। प्रशासन ने सभी एजेंसियों को हर स्थिति से तत्काल निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है।

ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव

रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए कई मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। प्रशासन ने इसकी जानकारी पहले ही आम लोगों के लिए जारी कर दी है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें, सुरक्षा बलों के निर्देशों का अनुपालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *