Home

कोडरमा में नाबालिग की बरामदगी के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा, महिला पुलिसकर्मी पर चाकू से हमला

कोडरमा, 14 जुलाई: जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र के गरागड़गी गांव में सोमवार देर रात नाबालिग युवती की बरामदगी और उसके प्रेमी की गिरफ्तारी के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। इस दौरान एक नाबालिग ने महिला पुलिसकर्मी पर चाकू से हमला कर दिया। हालांकि पुलिसकर्मी की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, जयनगर थाना क्षेत्र की एक नाबालिग 6 जुलाई को अपने कथित प्रेमी राहुल दास के साथ घर से चली गई थी। इस संबंध में युवती के पिता ने जयनगर थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि राहुल दास उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

शिकायत के बाद पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। सोमवार देर रात सूचना मिली कि दोनों गरागड़गी गांव में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर जयनगर थाना प्रभारी विकास कुमार पुलिस बल और युवती की मां के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार, जैसे ही एक महिला पुलिसकर्मी आरोपी के घर में प्रवेश करने लगी, नाबालिग ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। महिला पुलिसकर्मी ने सतर्कता दिखाते हुए खुद को बचा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना के दौरान मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी राहुल दास मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद नाबालिग को अपने कब्जे में लिया। इस दौरान युवती लगातार हंगामा करती रही और कथित तौर पर अपने प्रेमी को नुकसान पहुंचने पर आत्महत्या करने की बात भी कहती रही।

पुलिस ने युवती के पास से चाकू बरामद कर लिया और उसे सुरक्षित कोडरमा स्थित सखी सेंटर भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी राहुल दास की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *