Home

रांची में 21 से 23 जुलाई तक होगा तीन दिवसीय सावन महोत्सव, महिला उद्यमियों को मिलेगा मंच

रांची, 13 जुलाई: अग्रवाल सभा महिला समिति के तत्वावधान में 21 से 23 जुलाई 2026 तक महाराजा अग्रसेन भवन में तीन दिवसीय सावन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव को लेकर सोमवार को अग्रसेन भवन के सभागार में आकर्षक पोस्टर का विमोचन किया गया। इस दौरान आयोजन समिति ने कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की।

सावन महोत्सव की संयोजिका अलका सरावगी ने बताया कि अग्रवाल सभा महिला समिति पिछले 27 वर्षों से महिला उद्यमियों को अपनी प्रतिभा और उत्पादों के प्रदर्शन के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराती आ रही है। इस वर्ष भी देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से आने वाली महिला उद्यमी अपने हस्तशिल्प, पारंपरिक एवं आधुनिक उपयोग की वस्तुओं का प्रदर्शन एवं विक्रय करेंगी।

उन्होंने बताया कि मेले में नवीनतम डिजाइनों की राखियां, सलवार-सूट, आकर्षक साड़ियां, बेडशीट, गृह सज्जा की सामग्री, उपहार वस्तुएं, अचार, पापड़, मुरब्बा सहित विभिन्न घरेलू उत्पाद उपलब्ध होंगे। आयोजन का उद्देश्य महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ लोगों को सावन पर्व के अवसर पर पारिवारिक और सांस्कृतिक माहौल में खरीदारी का अवसर उपलब्ध कराना है।

आयोजन समिति के अनुसार, तीन दिवसीय महोत्सव में बड़ी संख्या में आगंतुकों के पहुंचने की संभावना है। मेले में खरीदारी के साथ सामाजिक मेलजोल और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष मनोज चौधरी, मंत्री निर्मल बुधिया, वरीय उपाध्यक्ष सज्जन पाड़िया, रमाशंकर बगड़िया, कोषाध्यक्ष प्रमोद बगड़िया, उपमंत्री सुनील पोद्दार, अमर अग्रवाल, महिला समिति की संयोजिका रूपा अग्रवाल, अंशु नेवटिया, नैना मोर सहित समिति की अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *