Home

रांची में 6 से 8 अगस्त तक लगेगा ‘सावन मेला–शॉपिंग फेस्टिवल’

मारवाड़ी युवा मंच रांची समर्पण शाखा का आयोजन, महिला उद्यमियों को मिलेगा मंच

रांची, 13 जुलाई । मारवाड़ी युवा मंच रांची समर्पण शाखा की ओर से सावन के पावन अवसर पर तीन दिवसीय ‘सावन मेला–शॉपिंग फेस्टिवल’ का आयोजन किया जाएगा। यह मेला 6, 7 और 8 अगस्त को अग्रसेन भवन, अपर बाजार, रांची में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित होगा। आयोजन का उद्देश्य महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन के लिए मंच उपलब्ध कराना तथा शहरवासियों को पारिवारिक वातावरण में खरीदारी और मनोरंजन का अवसर उपलब्ध करना है।

शाखा की ओर से सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि सावन माह की थीम पर आयोजित इस मेले में महिलाओं, परिवारों और बच्चों के लिए विशेष आकर्षण होंगे। मेले में फैशन एवं लाइफस्टाइल उत्पाद, ज्वेलरी, परिधान, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, हस्तशिल्प, उपहार सामग्री, राखियां, लड्डू गोपाल की पोशाकें तथा खान-पान से जुड़े विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही आगंतुकों के लिए मनोरंजन की भी विशेष व्यवस्था रहेगी।

आयोजकों के अनुसार, इस मेले का उद्देश्य स्थानीय महिला उद्यमियों और छोटे व्यवसायियों को अपने उत्पादों को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने तथा ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर उपलब्ध कराना है। इच्छुक प्रदर्शकों के लिए स्टॉल बुकिंग शुरू कर दी गई है।

स्टॉल बुकिंग एवं आयोजन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए संयोजिकाएं कविता सोमानी, रोजी खंडेलवाल, कुशा जालान, अनीता सोमानी और रितू पोद्दार से संपर्क किया जा सकता है।

शाखा की मीडिया प्रभारी वेदिका सिंघानिया ने बताया कि आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। वहीं शाखा की अध्यक्ष शुभा अग्रवाल, सचिव रेखा राईका और कोषाध्यक्ष स्मिता अग्रवाल ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *