केंद्र और राज्य के समन्वय से ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति : दीपिका पांडेय सिंह

रांची, 13 जुलाई: ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की संयुक्त सचिव स्वाति शर्मा ने सोमवार को झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से रांची स्थित उनके आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। बैठक में राज्य में संचालित ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति, उनके प्रभावी क्रियान्वयन और केंद्र-राज्य समन्वय को मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), वीबी-ग्राम सहित विभिन्न ग्रामीण विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। साथ ही योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने, उनके प्रभावी क्रियान्वयन तथा झारखंड के समग्र ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ/एफपीसी) की भागीदारी बढ़ाने, ग्रामीण महिलाओं की आजीविका सुदृढ़ करने, आधारभूत संरचना के विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय पर सहमति बनी।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता केंद्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक विकास योजनाओं का लाभ पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों सरकारों के संयुक्त प्रयासों से झारखंड में समावेशी, टिकाऊ और रोजगारोन्मुख ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी तथा ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आएगा।
बैठक में मनरेगा आयुक्त मृत्युंजय कुमार बरनवाल, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अनन्य मित्तल सहित विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
