जिला स्तरीय अंडर-15 फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज, नगर उंटारी ने खरौंधी को 3-0 से हराया
रांची/गढ़वा (12 जुलाई)। जिला स्तरीय अंडर-15 बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को स्थानीय फुटबॉल स्टेडियम में हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में नगर उंटारी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खरौंधी प्रखंड को 3-0 से हराकर विजयी शुरुआत की।
प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष आलोक मिश्रा एवं आयोजन सचिव (एपीओ) कुलदीपक अग्रवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद फुटबॉल को किक मारकर किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अतिथियों ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया।
उद्घाटन समारोह में खेल कोषांग के सुशील तिवारी, आलोक श्रीवास्तव, अजयकांत, चित्बीश्रम उच्च विद्यालय के प्राचार्य द्वारिका पांडे, अतुल मिश्रा, जगरनाथ राम, छुनु दुबे, शारीरिक शिक्षक किशोर कुणाल, संजय लाल मौर्य, विजय कुमार सिंह, विजयानंद तिवारी, शमशाद अहमद, रोशनदीप टोप्पो, लक्ष्मण राम, कलंदर पटेल सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में जिले के 19 प्रखंडों की टीमें भाग ले रही हैं। आयोजन समिति के अनुसार जिला स्तरीय प्रतियोगिता की विजेता टीम 14 जुलाई से आयोजित होने वाली प्रमंडल स्तरीय अंडर-15 फुटबॉल प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
उद्घाटन मैच में नगर उंटारी के खिलाड़ी अभय कुमार चौधरी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक लगाई और अपनी टीम की 3-0 की जीत के नायक बने। मुकाबले में आकाश दीप, नीलकंठ सिंह और कंचन कुमार ने रेफरी की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और आगामी मुकाबलों को लेकर उत्साह बढ़ा दिया।
