हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में 208वें श्री श्याम भंडारे का भव्य आयोजन
हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद, 14 जुलाई को होगा 212वां श्री सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ
रांची। हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में श्री श्याम मित्र मंडल के तत्वावधान में शनिवार को 208वें श्री श्याम भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा श्री श्याम के दर्शन कर महाप्रसाद ग्रहण किया। आज का भंडारा शिशिर रावत, शालिनी रावत, अंकुर रावत एवं वीणा रावत के परिवार की ओर से समर्पित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा श्री श्याम को विधिवत भोग अर्पित करने एवं भजन-कीर्तन से हुई। “आओ-आओ भोग लगाओ बाबा श्याम जी” जैसे भजनों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। सर्वप्रथम बाबा को भोग अर्पित कर महाप्रसाद में सम्मिलित किया गया। इसके बाद यजमान परिवार के सदस्यों ने मंदिर के आचार्यों को प्रसाद ग्रहण कराया। परंपरा के अनुसार भंडारे का एक भाग प्रत्येक शनिवार गौशाला में गौमाता के लिए भी भेजा गया।
भंडारे के दौरान श्री श्याम मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। हरमू रोड पर भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और “खाटू नरेश की जय” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश के जयकारों के साथ महाप्रसाद वितरण प्रारंभ किया गया। श्रद्धालुओं को नमक-अजवाइन की पूड़ी, आलू-लौकी-टमाटर की झोलदार सब्जी, इमरती, खीर, चूरमा एवं आइसक्रीम का प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में श्री श्याम मित्र मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया, उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया, अशोक लड़ियां, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्यामसुंदर शर्मा, अनुज मोदी, आशीष डालमिया, विनय राज भाटिया, अंकित सिंह, कमलेश सावा, संकेत चौधरी, ऋषभ चौरसिया, हर्ष मिश्रा, हिमांशु केशरी, मनोज खेतावत, उपेन्द्र पांडे सहित यजमान परिवार के सदस्य शिशिर रावत, शालिनी रावत, अंकुर रावत, वीणा रावत, विवान, अंश एवं त्रिशिका रावत सहित 50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।
14 जुलाई को होगा सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ
श्री श्याम मित्र मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने बताया कि हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में 14 जुलाई (मंगलवार) को शाम 4:30 बजे से 212वें श्री सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की।
