हर सदस्य लगाए एक पौधा, हरित झारखंड के निर्माण का लें संकल्प: सुरेश चंद्र अग्रवाल
रांची। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने वर्षा ऋतु के अवसर पर राज्यभर की सभी जिला एवं शाखा इकाइयों से व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने का आह्वान किया है। सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल एवं प्रांतीय महामंत्री विनोद कुमार जैन ने सभी जिला एवं शाखा अध्यक्षों, पदाधिकारियों, सदस्यों तथा समाजबंधुओं से अपने-अपने क्षेत्र में कम-से-कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की है।
पदाधिकारियों ने कहा कि वर्षा ऋतु वृक्षारोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय है। इस मौसम में लगाए गए पौधों के जीवित रहने की संभावना अधिक रहती है, जिससे पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य भी प्रभावी ढंग से पूरा होता है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, तापमान में वृद्धि और लगातार घटते हरित क्षेत्र मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए।
उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पौधे नहीं, बल्कि जीवन के आधार हैं। वृक्ष हमें शुद्ध वायु, शीतल छाया, वर्षा, जैव विविधता का संरक्षण और संतुलित पर्यावरण प्रदान करते हैं। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सम्मेलन ने सभी सदस्यों से अपने घर, प्रतिष्ठान, विद्यालय, मंदिर, सार्वजनिक स्थलों, पार्कों अथवा आसपास के खाली स्थानों पर कम-से-कम एक पौधा लगाने का आग्रह किया। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि पौधारोपण जितना महत्वपूर्ण है, उसका संरक्षण उससे कहीं अधिक आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरण का भी माध्यम बनेगा। यदि प्रत्येक सदस्य एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो पूरे राज्य में हजारों नए वृक्ष तैयार होंगे, जो हरित एवं स्वच्छ झारखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
सम्मेलन ने युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं सामाजिक संगठनों से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने “एक पौधा-एक जीवन, हर सदस्य-एक संकल्प” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
इस संबंध में जानकारी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।
