Home

ट्रेन की चपेट में आई महिला होमगार्ड जवान, दोनों पैर कटे, हालत गंभीर

ड्यूटी के लिए देवघर जा रही थी अनुराधा कुमारी, मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में भर्ती

पलामू: जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दुअरा गांव निवासी वीरेंद्र यादव की पुत्री और होमगार्ड महिला जवान अनुराधा कुमारी (20) शनिवार को ट्रेन हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में अनुराधा के दोनों पैर कट गए और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

घटना के संबंध में अनुराधा के पिता वीरेंद्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि अनुराधा की पोस्टिंग गिरिडीह में थी, लेकिन हाल ही में उसका कमान देवघर के लिए काटा गया था। देवघर में नई ड्यूटी जॉइन करने के लिए वह घर से ट्रेन के माध्यम से मेदिनीनगर स्थित होमगार्ड कार्यालय जा रही थी, जहां से कमान प्राप्त करना था।

यात्रा के दौरान कोसीआरा रेलवे स्टेशन के पास किसी कारणवश वह ट्रेन से नीचे उतरी और तभी अचानक दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसके दोनों पैर कट गए। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इस घटना की जानकारी अनुराधा के परिजनों को दी।

परिजन मौके पर पहुंचते ही गंभीर रूप से घायल अनुराधा को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार अनुराधा की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है और लगातार निगरानी की जा रही है।

यह घटना न सिर्फ होमगार्ड विभाग बल्कि पूरे इलाके के लिए दुखद और चिंताजनक है। स्थानीय लोग और अधिकारी अनुराधा की जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से अभी तक किसी प्रकार की आर्थिक सहायता या आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *