Home

रथ यात्रा के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे चलाएगा तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

पुरी जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत, चक्रधरपुर मंडल के कई स्टेशनों से होकर गुजरेंगी विशेष रेल सेवाएं

रांची। विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के अवसर पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने तीन जोड़ी विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों के चलने से झारखंड, ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों से पुरी जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी तथा नियमित ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव भी कम होगा।

रेलवे की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 08331/08332 राउरकेला–पुरी–राउरकेला रथ यात्रा स्पेशल का संचालन 15 एवं 23 जुलाई 2026 को राउरकेला से तथा 17 एवं 25 जुलाई 2026 को पुरी से किया जाएगा। यह ट्रेन राउरकेला, झारसुगुड़ा, संबलपुर, अंगुल, ढेंकानाल, कटक, भुवनेश्वर और खुर्दा रोड होते हुए पुरी पहुंचेगी। इसमें कुल 20 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एसी, स्लीपर, सामान्य और एसएलआरडी कोच शामिल होंगे।

इसी क्रम में 08569/08570 बामड़ा–पुरी–बामड़ा मेमू स्पेशल का संचालन 15 एवं 23 जुलाई को बामड़ा से तथा 17 एवं 25 जुलाई को पुरी से किया जाएगा। यह ट्रेन टाटानगर, गम्हरिया, सिनी, राजखरसावां, चाईबासा, नोआमुंडी और बंसपानी सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इस सेवा में आठ कोच वाली मेमू रेक का उपयोग किया जाएगा, जिससे विशेष रूप से कोल्हान क्षेत्र के श्रद्धालुओं को सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी।

इसके अलावा 08567/08568 बड़बिल–पुरी–बड़बिल स्पेशल का संचालन 15 एवं 23 जुलाई को बड़बिल से तथा 16 एवं 24 जुलाई को पुरी से किया जाएगा। यह ट्रेन बड़बिल, बड़ाजामदा, नोआमुंडी, डांगुवापोसी, जराईकेला, बंसपानी, जखपुरा, कटक, भुवनेश्वर और खुर्दा रोड होते हुए पुरी पहुंचेगी। इस ट्रेन में भी 20 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे।

दक्षिण पूर्व रेलवे ने बताया कि रथ यात्रा के दौरान पुरी जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाती है। इसे देखते हुए अतिरिक्त रेल सेवाएं शुरू की गई हैं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराई जा सके। इन विशेष ट्रेनों से चक्रधरपुर मंडल के टाटानगर, चाईबासा, राजखरसावां, गम्हरिया, बड़बिल, राउरकेला और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *