107वें ऑटोनॉमी दिवस पर जोड़ाबांदा हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन, विधायक सुदीप गुड़िया ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

खूंटी। 107वें ऑटोनॉमी दिवस के अवसर पर तोरपा विधानसभा क्षेत्र के हाबो मैदान में जीईएल चर्च हाबो मंडली की ओर से जोड़ाबांदा हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आयोजन समिति एवं स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि हॉकी झारखंड की पहचान और गौरव का प्रतीक है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल बेहतर अवसर, संसाधन और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। उन्होंने युवाओं से खेलों से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, भाईचारे और स्वस्थ समाज के निर्माण का सशक्त आधार हैं।
कार्यक्रम के समापन पर विधायक ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता, चर्च के प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
