झारखंड में फिर सक्रिय होगा मानसून, 5 से 7 जुलाई तक भारी बारिश का येलो अलर्ट
कई जिलों में मूसलाधार बारिश और वज्रपात की आशंका, मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
रांची। झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों में 5 से 7 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 8 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश और वज्रपात (आकाशीय बिजली) की आशंका व्यक्त करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 5 जुलाई को गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।
6 जुलाई को सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा और पलामू जिलों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।
वहीं 7 जुलाई को पश्चिमी सिंहभूम, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, लोहरदगा और रांची जिले के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
जलभराव और वज्रपात को लेकर सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने कहा है कि भारी बारिश के दौरान जलभराव, तेज बहाव और आकाशीय बिजली की घटनाएं हो सकती हैं। किसानों, ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों और खुले स्थानों पर कार्य करने वालों को विशेष सावधानी बरतने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
बोलबा में सबसे अधिक 51.6 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 51.6 मिलीमीटर वर्षा सिमडेगा जिले के बोलबा में दर्ज की गई। वहीं अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस पाकुड़ में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया।
रांची में बादलों और धूप का रहा दौर
राजधानी रांची में शनिवार को सुबह से बादल छाए रहे। दोपहर बाद मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिला और धूप-छांव का सिलसिला जारी रहा। रांची में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम 27.2 डिग्री, डाल्टनगंज का अधिकतम 35.0 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री, बोकारो थर्मल का अधिकतम 33.1 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री, जबकि चाईबासा का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने, आकाशीय बिजली के समय खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा विभाग द्वारा जारी मौसम संबंधी ताज़ा चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
