Home

गवर्नमेंट टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में डॉ. कुमारी पल्लवी का सम्मान, अंग्रेजी शिक्षण को मिलेगा नया प्रोत्साहन

भाषा कौशल और शोध आधारित शिक्षण गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर

रांची, 1 जुलाई। गवर्नमेंट टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज (इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज इन एजुकेशन), कांके के भाषा एवं साहित्य विज्ञान विभाग द्वारा उदय मेमोरियल बी.एड. कॉलेज, रांची की अंग्रेजी विषय की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. कुमारी पल्लवी का महाविद्यालय में गरिमापूर्ण स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर विभाग की ओर से उन्हें डायरी एवं कलम भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में भाषा एवं साहित्य विज्ञान विभाग के शिक्षक डॉ. ओम प्रकाश ने कहा कि डॉ. कुमारी पल्लवी का शैक्षणिक अनुभव, अंग्रेजी भाषा एवं शिक्षण शास्त्र पर उनकी गहरी पकड़ तथा नवाचारी दृष्टिकोण प्रशिक्षु शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके सहयोग से महाविद्यालय में अंग्रेजी भाषा शिक्षण, संप्रेषण कौशल, व्यक्तित्व विकास तथा शोध आधारित शिक्षण गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर रहेगा फोकस

महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. रमण कुमार झा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षक शिक्षा के लिए भाषा दक्षता आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में अंग्रेजी शिक्षण शास्त्र, भाषा कौशल, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 तथा नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों पर संयुक्त कार्यशालाओं, व्याख्यानों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इससे प्रशिक्षु शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों की बेहतर समझ विकसित करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान अंग्रेजी भाषा शिक्षण की समकालीन चुनौतियों, प्रभावी कक्षा-अध्यापन, संप्रेषण कौशल के विकास तथा शिक्षक शिक्षा में गुणवत्ता संवर्धन जैसे विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। प्रतिभागियों ने बदलते शैक्षणिक परिवेश में भाषा शिक्षण को अधिक प्रभावी और व्यावहारिक बनाने पर अपने विचार साझा किए।

इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. समीर कुमार, प्रो. पंकज मेहता, प्रो. भगीरथ आर्य, ऊषा मार्टिन विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर डॉ. राकेश कुमार सिंह तथा बी.एड. सत्र 2025–27 के प्रशिक्षु शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *