खेल

राष्ट्रीय रग्बी चैंपियनशिप के लिए 24 खिलाड़ी चयनित

खूंटी , 01 जुलाई । झारखंड रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन (जेआरएफए) के तत्वावधान में 28 से 30 जून तक स्थानीय लोयोला हाई स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय राज्य जूनियर रग्बी प्रशिक्षण शिविर मंगलवार को संपन्न हो गया।

शिविर में राज्य के विभिन्न जिलों से झारखंड राज्य जूनियर और सीनियर रग्बी चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 50 बालक और बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण शिविर के दौरान खिलाड़ियों को रग्बी खेल की तकनीकी और सामरिक बारीकियों, फिटनेस, कौशल विकास, टीमवर्क और खेल अनुशासन का गहन प्रशिक्षण दिया गया। तीन दिनों तक चले प्रशिक्षण और खिलाड़ियों के प्रदर्शन के मूल्यांकन के बाद आगामी 06 से 11 जुलाई तक हैदराबाद में आयोजित होने वाली जूनियर राष्ट्रीय रग्बी चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम का चयन किया गया। इस संबंध में झारखंड रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव हेजाज असदक ने बुधवार को बताया कि चयनित टीम में जूनियर बालिका वर्ग से प्यारी भेंगरा (कप्तान), भूमिका कुमारी, प्रिया कुमारी, पायल कुमारी, करीना कुमारी, काजल कुमारी, खुशबु कुमारी, मौसम कुमारी, अंजलि चाकी, लक्ष्मी सवैंया, शीतल नाग और महक कुमारी शामिल हैं।

वहीं जूनियर बालक वर्ग में अजित नाग (कप्तान), आशीष पहान, प्रतीक कुमार, कुंदन महतो, मोहित कुमार महतो, विकास महतो, पुरुषोत्तम बारी, अमर मुर्मू, शशि यादव, आदित्य कर्मकार, लखन हेम्ब्रम और मिलन सोय का चयन किया गया है।

शिविर में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच डेविड मुंडा, किशन उरांव और अभय होरो ने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया। एसोसिएशन के महासचिव हेजाज असदक ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *