एमबी ताइक्वांडो एकेडमी में कलर बेल्ट ग्रेडिंग टेस्ट सम्पन्न, 66 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा
बुंडू में आयोजित एक दिवसीय ग्रेडिंग टेस्ट में खिलाड़ियों ने आत्मरक्षा और ताइक्वांडो कौशल का किया शानदार प्रदर्शन
बुंडू (रांची)। एमबी स्कूल, बुंडू स्थित एमबी ताइक्वांडो एकेडमी में सोमवार को एक दिवसीय कलर बेल्ट ग्रेडिंग टेस्ट का सफल आयोजन किया गया। ग्रेडिंग टेस्ट में कुल 66 खिलाड़ियों ने भाग लेकर नई बेल्ट के लिए अपनी तकनीकी दक्षता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ विभिन्न चरणों की परीक्षा दी।
मुख्य कोच की देखरेख में हुई ग्रेडिंग परीक्षा
ग्रेडिंग टेस्ट का संचालन एकेडमी के मुख्य कोच मो. जमील अंसारी ने किया। इस दौरान झारखंड यूनाइटेड ताइक्वांडो मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन के सचिव शकील अंसारी, सहायक कोच जयपाल महतो, खुशी तिर्की एवं मनीषा मुंडा मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में विकास तिर्की, निखिल लोहरा, बीरेंद्र कच्छप, अंजू कुमारी, सुलेखा महतो, आफताब आलम, फिजा परवीन, पूर्णिमा उरांव और शिवानी कुमारी ने सहयोग दिया।
आत्मरक्षा के प्रदर्शन ने अतिथियों को किया प्रभावित
कार्यक्रम में एमबी स्कूल की प्रधानाचार्या जाहिदा कौसर, अबु अब्बास अली, झामुमो के उपाध्यक्ष जमील अंसारी, विधायक प्रतिनिधि (अल्पसंख्यक) अशरफ अंसारी उर्फ गुल्लू, समाजसेवी कमरुद्दीन जमा, लल्लू भाई, विक्की भाई एवं शहनवाज अंसारी सहित कई अतिथि उपस्थित रहे। खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो के हैरतअंगेज करतब, किक, पंच और आत्मरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं खिलाड़ी
आयोजकों ने बताया कि एमबी ताइक्वांडो एकेडमी के खिलाड़ी जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में कई पदक जीतकर बुंडू क्षेत्र का नाम रोशन कर चुके हैं।
10 दिनों में घोषित होगा परिणाम
विधायक प्रतिनिधि अशरफ अंसारी ने कहा कि क्षेत्र के विधायक विकास कुमार मुंडा खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करते रहे हैं और आगे भी उनका समर्थन जारी रहेगा। झारखंड यूनाइटेड ताइक्वांडो मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन के सचिव शकील अंसारी ने बताया कि ग्रेडिंग टेस्ट का परिणाम 10 दिनों के भीतर घोषित किया जाएगा। सफल खिलाड़ियों को नई बेल्ट और प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
