Home

यू-15 एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में भारत को तीसरा स्थान, ट्रॉफी ग्रहण कर झारखंड के बबलू कुमार ने बढ़ाया मान

पटाया में भारतीय ग्रीको-रोमन टीम ने 150 अंकों के साथ हासिल किया तीसरा स्थान, झारखंड कुश्ती संघ ने दी बधाई

पटाया (थाईलैंड), 30 जून। झारखंड के रांची निवासी अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रशिक्षक एवं भारतीय अंडर-15 ग्रीको-रोमन कुश्ती टीम के प्रशिक्षक बबलू कुमार ने यू-15 एशियन कुश्ती चैंपियनशिप-2026 में भारतीय टीम की ओर से तीसरे स्थान की ट्रॉफी ग्रहण कर राज्य का गौरव बढ़ाया है।

27 से 29 जून 2026 तक थाईलैंड के पटाया में आयोजित इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 150 अंक अर्जित कर तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में उज्बेकिस्तान 171 अंकों के साथ प्रथम, जबकि कजाकिस्तान 167 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

विजेता समारोह के दौरान भारतीय टीम की ओर से प्रशिक्षक बबलू कुमार ने तीसरे स्थान की ट्रॉफी ग्रहण की। यह उपलब्धि झारखंड के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।

इस उपलब्धि पर झारखंड राज्य कुश्ती संघ ने बबलू कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। संघ के अध्यक्ष जीशान कमर (भा.प्र.से.), अभिभावक के. रवि कुमार (भा.प्र.से.), खेल निदेशक छवि रंजन, मार्गदर्शक भोलानाथ सिंह, महासचिव रजनीश कुमार, बिजय शंकर सिंह, देवघर कुश्ती संघ के सचिव संजीव कुमार झा, राजीव रंजन सहित सभी जिला कुश्ती संघों के अध्यक्ष एवं सचिवों तथा पूरे झारखंड कुश्ती परिवार ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

खेल जगत से जुड़े लोगों का कहना है कि बबलू कुमार की यह उपलब्धि राज्य के युवा पहलवानों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और झारखंड में कुश्ती खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *