खेल

साहिल अमीन का जलवा बरकरार, झारखंड स्टेट हार्ड कोर्ट टेनिस में जीता ट्रिपल क्राउन

पुरुष सिंगल्स, डबल्स और मिक्स्ड डबल्स तीनों वर्गों में चैंपियन बनकर रचा इतिहास

रांची। झारखंड टेनिस एसोसिएशन और धनबाद लॉन टेनिस एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित झारखंड स्टेट हार्ड कोर्ट टेनिस टूर्नामेंट में राज्य के शीर्ष वरीय टेनिस खिलाड़ी साहिल अमीन ने एक बार फिर अपनी बादशाहत कायम रखते हुए ट्रिपल क्राउन जीतकर इतिहास रच दिया। धनबाद क्लब में 25 से 28 जून तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में साहिल ने पुरुष सिंगल्स, पुरुष डबल्स और मिक्स्ड डबल्स तीनों वर्गों का खिताब अपने नाम किया।

पुरुष सिंगल्स के फाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन साहिल अमीन ने अपने आक्रामक और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रांची के कन्हैया कुमार को एकतरफा मुकाबले में 6-0, 6-0 से पराजित किया। इस जीत के साथ उन्होंने लगातार चौथी बार स्टेट चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

सिंगल्स में जीत दर्ज करने के बाद साहिल ने अपने जोड़ीदार सुमित कुमार के साथ पुरुष डबल्स के फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन किया। दोनों ने अमन शर्मा और संतोष सिंह की जोड़ी को 6-1, 6-1 से हराकर दूसरा खिताब अपने नाम किया।

मिक्स्ड डबल्स वर्ग में भी साहिल अमीन ने अपनी विजयी लय बरकरार रखी। सैयद आयशा अहमद के साथ जोड़ी बनाकर उन्होंने फाइनल में रणवीर सिंह देव और आकृति की जोड़ी को 6-3 से हराकर टूर्नामेंट का तीसरा खिताब जीत लिया।

पूरे टूर्नामेंट के दौरान साहिल अमीन ने बेहतरीन तकनीक, फिटनेस और अनुभव का परिचय दिया। तीनों वर्गों में चैंपियन बनकर उन्होंने ‘ट्रिपल क्राउन’ का दुर्लभ कीर्तिमान अपने नाम कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *