Home

सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दम, विजेता टीमों का जिला स्तर के लिए चयन

रांची। प्रखंड स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं कांके विधायक सुरेश बैठा ने गुब्बारे उड़ाकर किया। इस दौरान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

खेल प्रतियोगिताएं ग्रामीण प्रतिभाओं को देती हैं मंच : सुरेश बैठा

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुरेश बैठा ने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित खेल प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

विजेता और उपविजेता टीमों का शानदार प्रदर्शन

आयोजन समिति की ओर से विधायक का मोमेंटो, पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता के अंडर-17 बालक वर्ग में हाई स्कूल बोडिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पीएम श्री उच्च विद्यालय कुम्हारिया उपविजेता रहा। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, कांके विजेता बना, जबकि जीएमएस गागी हिंदी की टीम उपविजेता रही।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए दी गई शुभकामनाएं

आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता में सभी टीमों ने अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। विजेता एवं उपविजेता टीमों को जिला स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई गई।

इस अवसर पर प्रमुख सोमनाथ मुंडा, उपप्रमुख अजय बैठा, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी जूही रानी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मंजू बिलुंग, भारती फाउंडेशन के निशांत एवं ऋतिक, खेल शिक्षक, प्रधानाध्यापक, शिक्षक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *