रांची में 28 जून से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 5 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक खुराक

रांची। रांची जिले में 28 से 30 जून तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष तक के 5,05,524 बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान की तैयारियों को लेकर शनिवार को सिविल सर्जन कार्यालय में सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
3,893 बूथों पर होगी पोलियो की खुराक की व्यवस्था
प्रेस वार्ता में सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिलेभर में 3,893 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। इन बूथों पर 7,786 स्वास्थ्यकर्मी तथा 571 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं, ताकि प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाई जा सके।
‘हर बच्चा, हर बार’ अभियान को सफल बनाने की अपील
सिविल सर्जन ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर जाएं और पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक दवा पिलाएं। उन्होंने कहा कि “हर बच्चा, हर बार” के संकल्प के साथ किसी भी बच्चे को इस अभियान से वंचित नहीं रहने देना है।
पोलियो प्रचार रथ को दिखाई गई हरी झंडी
प्रेस वार्ता के बाद सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने पल्स पोलियो प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार रथ रांची के शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर आम लोगों को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के प्रति जागरूक करेगा और अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के लिए प्रेरित करेगा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर डीआरसीएचओ डॉ. असीम कुमार मांझी, जिला कार्यक्रम समन्वयक प्रीति चौधरी, क्षेत्रीय समन्वयक श्वेता वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
