रांची-अजमेर के बीच दौड़ेगी अमृत भारत वर्जन 3.0 ट्रेन, यात्रियों को मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं

रांची, संवाददाता: झारखंड के रेल यात्रियों के लिए जल्द ही बड़ी सौगात मिलने वाली है। रांची से अजमेर वाया जयपुर के बीच अमृत भारत वर्जन 3.0 ट्रेन का परिचालन शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है। इस अत्याधुनिक ट्रेन के लिए नया रैक तैयार कर उत्तर-पश्चिम रेलवे को सौंप दिया गया है। रेलवे की ओर से अगले एक माह के भीतर इसके परिचालन की आधिकारिक घोषणा किए जाने की संभावना है।
दक्षिण-पूर्व रेलवे जेडआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी ने बताया कि अजमेर-जयपुर-रांची रेलखंड पर यात्रियों की बढ़ती संख्या और बेहतर कनेक्टिविटी की आवश्यकता को देखते हुए इस मार्ग को प्राथमिकता दी गई है।
यात्रियों को मिलेगा प्रीमियम यात्रा अनुभव
अमृत भारत वर्जन 3.0 ट्रेन में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। इसमें झटका रहित सेमी-ऑटोमैटिक कपलर, आधुनिक इंटीरियर, अधिक लेगरूम, उन्नत शौचालय, सीसीटीवी आधारित सुरक्षा व्यवस्था, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट तथा डिजिटल पैसेंजर सूचना डिस्प्ले जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। रेलवे का दावा है कि कम खर्च में यात्रियों को प्रीमियम श्रेणी जैसी यात्रा का अनुभव मिलेगा।
22 कोचों से सुसज्जित होगी ट्रेन
नई अमृत भारत ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 2 फर्स्ट एसी, 2 सेकेंड एसी, 5 थर्ड एसी, 8 स्लीपर, 4 जनरल और 2 पावर कोच शामिल होंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में पैंट्री कार की भी व्यवस्था रहेगी।
यह होगा संभावित मार्ग
प्रस्तावित ट्रेन अजमेर से रवाना होकर जयपुर, सवाई माधोपुर, सिंगरौली, चोपन, रेणुकूट, गढ़वा रोड, डाल्टनगंज, टोरी और लोहरदगा होते हुए रांची पहुंचेगी। इस नई सेवा से राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और झारखंड के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
झारखंड को मिलेगा आधुनिक रेल नेटवर्क का लाभ
रेलवे अधिकारियों के अनुसार अमृत भारत वर्जन 3.0 ट्रेन का परिचालन शुरू होने से लंबी दूरी के यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का विकल्प मिलेगा। साथ ही रांची और अजमेर के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ प्राप्त होगा।
