दिल्ली दौरे की अटकलों पर विराम, शनि शिंगणापुर धाम पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
शनिदेव की पूजा-अर्चना कर झारखंड की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की
रांची। मुख्यमंत्री के दिल्ली जाने को लेकर सोमवार को पूरे दिन राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर चलता रहा। विभिन्न स्तरों पर यह खबर भी प्रसारित हुई कि मुख्यमंत्री किसी महत्वपूर्ण राजनीतिक कार्यक्रम के सिलसिले में दिल्ली गए हैं। हालांकि बाद में यह स्पष्ट हो गया कि यह खबर पूरी तरह निराधार थी और मुख्यमंत्री दिल्ली नहीं गए थे।
महाराष्ट्र के शनि शिंगणापुर धाम पहुंचे मुख्यमंत्री
दरअसल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन महाराष्ट्र स्थित प्रसिद्ध पहुंचे, जहां उन्होंने श्रद्धा और आस्था के साथ शनिदेव महाराज के दर्शन किए तथा विधिवत पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर झारखंड राज्य की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। साथ ही राज्य के लोगों के खुशहाल जीवन और प्रदेश के निरंतर विकास के लिए प्रार्थना की।
राज्य की खुशहाली और विकास की कामना
मुख्यमंत्री ने कहा कि शनिदेव महाराज की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो। उन्होंने कामना की कि झारखंड में अमन-चैन बना रहे, लोगों का जीवन खुशहाल हो तथा हर परिवार प्रगति और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़े।
तस्वीरें सामने आने के बाद स्थिति हुई स्पष्ट
मुख्यमंत्री की इस आध्यात्मिक यात्रा की जानकारी सार्वजनिक होने के बाद उनके कथित दिल्ली दौरे को लेकर चल रही सभी अटकलों पर विराम लग गया। शनि शिंगणापुर धाम में दर्शन और पूजा-अर्चना की तस्वीरें सामने आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई और दिनभर चल रही राजनीतिक चर्चाओं का भी अंत हो गया।
