बागबेड़ा पुलिस ने टाली बड़ी आपराधिक घटना, दो अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार
नागाडीह मैदान के पास छापेमारी में लोडेड पिस्टल, कारतूस और स्कूटी बरामद
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले की बागबेड़ा थाना पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया। पुलिस ने नागाडीह मैदान के समीप छापेमारी कर दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक लोडेड देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की गई है।
इस संबंध में बागबेड़ा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीण एसपी शुभम खंडेवाल ने बताया कि रविवार देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नागाडीह मैदान के पास कुछ संदिग्ध लोग एकत्र होकर किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की और मौके से दो संदिग्धों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र के इच्छापुर निवासी मंगल टुडू उर्फ मंगल मांझी (46) तथा सुंदरनगर थाना क्षेत्र के केरवाडुंगरी निवासी समरेश रविदास उर्फ मिथुन (34) के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक लोडेड देशी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने हथियार के अलावा एक स्कूटी और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मंगल टुडू का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूटपाट, अवैध हथियार रखने सहित अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें परसुडीह, आदित्यपुर, आरआईटी और गोविंदपुर थाना क्षेत्रों के मामले शामिल हैं।
पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वे किस आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे तथा उनके गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं।
