तेनुघाट की बेटी मधु कुमारी भारतीय वायुसेना में चयनित, क्षेत्र का बढ़ाया मान
दूध बेचने वाले पिता की बेटी ने पहले ही प्रयास में हासिल की सफलता, सम्मान समारोह में किया गया सम्मानित
बेरमो: बोकारो जिले के तेनुघाट 3 नंबर निवासी मधु कुमारी ने भारतीय वायुसेना में चयनित होकर न केवल अपने क्षेत्र, बल्कि पूरे झारखंड का मान बढ़ाया है। मधु ने लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षण तथा मेडिकल टेस्ट के सभी चरणों को प्रथम प्रयास में सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर यह उपलब्धि हासिल की है।
मधु कुमारी ने अपनी दसवीं की पढ़ाई उच्च विद्यालय होसिर से तथा इंटरमीडिएट की शिक्षा उच्च विद्यालय गोमिया से पूरी की है। वर्तमान में वह डिग्री कॉलेज गोमिया में बी.ए. पांचवें सेमेस्टर की छात्रा हैं।
भारतीय वायुसेना की तैयारी के लिए मधु ने तेनुघाट नंबर-1 स्थित पूजा एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि पूजा मैडम के मार्गदर्शन और अपनी कड़ी मेहनत के बल पर उन्हें यह सफलता मिली।
मधु के पिता पिंटू यादव पेशे से दूध विक्रेता हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद मधु ने अपने दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम के दम पर यह मुकाम हासिल किया।
सुबह चार बजे उठकर करती थीं तैयारी
22 जून 2026 को पूजा एकेडमी, तेनुघाट नंबर-1 में आयोजित सम्मान समारोह में मधु कुमारी को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मधु ने कहा, “मैं प्रतिदिन सुबह चार बजे उठकर दौड़ और पढ़ाई करती थी। पूजा एकेडमी की मैडम ने हर विषय को बहुत अच्छे ढंग से समझाया। पापा दूध बेचकर मेरी पढ़ाई में सहयोग करते थे। देश सेवा करना मेरा बचपन का सपना था, जो आज पूरा हुआ।”
बेटी ने परिवार का नाम रोशन किया : पिंटू यादव
मधु के पिता पिंटू यादव ने कहा, “मैं दूध बेचकर बेटी को पढ़ाता था। आज मेरी बेटी ने पूरे परिवार और पूजा एकेडमी का नाम रोशन कर दिया है। हमें उस पर गर्व है।”
मधु की इस सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए मधु को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
