खेल

जूनियर हॉकी नेशनल के लिए हॉकी झारखंड टीम का चयन ट्रायल संपन्न, 55 खिलाड़ियों ने दिखाया दम

राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए जुलाई में लगेगा विशेष प्रशिक्षण शिविर, 18 सदस्यीय टीम का होगा चयन

रांची: 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 के लिए झारखंड टीम के गठन की प्रक्रिया सोमवार को शुरू हो गई। मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, मोराबादी, रांची में आयोजित चयन ट्रायल में राज्यभर से 55 जूनियर हॉकी खिलाड़ियों ने भाग लिया।

सुबह नौ बजे से शुरू हुए इस ट्रायल का आयोजन हॉकी इंडिया द्वारा 28 जुलाई से 8 अगस्त 2026 तक कोयंबटूर, तमिलनाडु में आयोजित होने वाली 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम के चयन हेतु किया गया।

चयन ट्रायल में केवल उन्हीं खिलाड़ियों को शामिल किया गया, जिनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 2007 या उसके बाद की है। खिलाड़ियों ने मैदान पर अपनी प्रतिभा और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने बताया कि ट्रायल के बाद चयनित खिलाड़ियों का जुलाई माह में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर 18 सदस्यीय अंतिम टीम का चयन किया जाएगा, जो राष्ट्रीय चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी। इसी टीम में से कप्तान का भी चयन किया जाएगा।

ट्रायल के दौरान हॉकी झारखंड के पदाधिकारी मनोज कोनबेगी, माइकल लाल और गुरमीत राव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से अवलोकन किया।

हॉकी झारखंड ने उम्मीद जताई है कि चयनित टीम कोयंबटूर में होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य को गौरवान्वित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *