राष्ट्रीय कराटे पदक विजेताओं का भव्य सम्मान, खिलाड़ियों को ट्रैक सूट और स्मृति चिन्ह भेंट
राँची, 21 जून 2026। स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन ऑफ झारखंड (SKAJ) के तत्वावधान में रविवार को राँची स्थित ग्रीन होराइजन होटल में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर उन खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने 4 से 7 जून 2026 तक देहरादून, उत्तराखंड में कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन (KIO) द्वारा आयोजित 5वीं KIO सब-जूनियर, कैडेट एवं जूनियर राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन ऑफ झारखंड द्वारा विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में विशेष लंच का आयोजन किया गया। एसोसिएशन के सीईओ सेंसाई के. के. सिंह, अध्यक्ष हंसी मानस सिन्हा एवं सचिव सेंसाई हेजाज़ असदक ने खिलाड़ियों को ट्रैक सूट एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
सम्मानित खिलाड़ी:
- प्रांजल कुमार – स्वर्ण पदक
- जियांशू महतो – रजत पदक
- सूरज कुमार – रजत पदक
- अंश कुमार – रजत पदक
- जायश राज – कांस्य पदक
- बागिशा मुंडा – कांस्य पदक
समारोह में उपस्थित वरिष्ठ कराटे प्रशिक्षकों शिहान शशि पांडे, शिहान रंजीत मेहता, शिहान संजय सोनकर, सेंसाई सादाब खान एवं राष्ट्रीय कोच चंद्र प्रकाश उपाध्याय ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में खिलाड़ियों के अभिभावक, खेल प्रेमी एवं कराटे से जुड़े कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। समारोह का उद्देश्य खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करना तथा राज्य में कराटे खेल को और अधिक प्रोत्साहित करना था।
