Home

नेहा साव के ऑलराउंड प्रदर्शन से डीसीए ग्रीन बनी चैंपियन

फाइनल में डीसीए ब्लू को 42 रन से हराकर जीता इमेजिका डायग्नोस्टिक चैंपियंस लीग (महिला) का खिताब

धनबाद, 20 जून। नेहा साव के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत डीसीए ग्रीन ने इमेजिका डायग्नोस्टिक चैंपियंस लीग (महिला) के फाइनल में डीसीए ब्लू को 42 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। शनिवार को टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में डीसीए ब्लू ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए डीसीए ग्रीन ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 122 रन बनाए। टीम की ओर से नेहा साव ने 35 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। अंजली सोरेन ने 27, अंकिता मौर्य ने 20 और किंजल सिंह ने 19 रन का योगदान दिया। डीसीए ब्लू की ओर से वृष्टि कुमारी, जूली कुमारी और सानिया परवीन ने एक-एक विकेट हासिल किया।

नेहा और माही की घातक गेंदबाजी के आगे बिखरी डीसीए ब्लू

123 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीसीए ब्लू की टीम नेहा साव और माही कुमारी की धारदार गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 15.3 ओवर में 80 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से दुर्गा मुर्मू ने सर्वाधिक 36 रन बनाए, जबकि मिली सोनकर ने 12 रन का योगदान दिया।

गेंदबाजी में नेहा साव ने छह रन देकर चार विकेट झटके, जबकि माही कुमारी ने मात्र दो रन देकर चार विकेट हासिल किए। रिया कुमारी यादव ने भी एक विकेट अपने नाम किया। शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी के लिए नेहा साव को प्लेयर ऑफ द फाइनल चुना गया।

दुर्गा मुर्मू बनीं प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि पश्चिम बर्द्धमान के कोऑपरेटिव डेवलपमेंट अधिकारी एवं जेएससीए सदस्य अभिजीत घोष ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। जेएससीए के कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास और डीसीए के उपाध्यक्ष जावेद खान ने उपविजेता डीसीए ब्लू को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट) चुनी गईं दुर्गा मुर्मू को जावेद खान ने पुरस्कार प्रदान किया। इसके अलावा विभिन्न मैचों की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को अभिभावक हीना खातून, अमुना कुमारी, श्वेता जी, वाश्वती मौर्य तथा डीसीए के डॉ. राजशेखर, संजय यादव और सुधीर पांडेय ने सम्मानित किया।

डीसीए के महासचिव विनय कुमार सिंह ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जिला क्रिकेट संघ हमेशा खिलाड़ियों के विकास और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। टूर्नामेंट ऑब्जर्वर अशीत सहाय ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनकी तकनीकी कमियों को दूर करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर डीसीए के सहायक कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, कार्यकारिणी सदस्य सुनील कुमार एवं द्वारिका तिवारी, अंपायर संजीत कुमार सिंह, सुमित्रा सोय तथा स्कोरर सौरव सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *