पलामू

नशामुक्ति का संदेश लेकर निकली ‘साइक्लोथॉन 2026’, विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प

मेदिनीनगर, 20 जून। पलामू जिला साइक्लिंग एसोसिएशन द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से शनिवार को “साइक्लोथॉन 2026” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए “Say No to Drugs, Yes to Life” का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था।

कार्यक्रम में पलामू के उपायुक्त दिलीप सिंह शेखावत (आईएएस) एवं पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी (आईपीएस) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक साइक्लोथॉन में भाग लेते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ बनाते हैं, जिससे पढ़ाई में भी बेहतर प्रदर्शन संभव होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर उच्च पदों तक पहुंचने का संदेश दिया।

पलामू जिला साइक्लिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय रंजन सिंह (आईपीएस) ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे की बजाय पढ़ाई, खेल और समाज सेवा को अपनी आदत बनाएं तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में योगदान दें।

एसोसिएशन के महासचिव रथिन भद्र ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए नए खेल मैदान की व्यवस्था कराने का अनुरोध उपायुक्त से किया। साथ ही उभरते खिलाड़ियों के लिए साइकिल प्रायोजन की भी मांग की।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पलामू के उभरते साइक्लिंग खिलाड़ी रिजू बोराल को सम्मानित किया जाना रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने उन्हें मोमेंटो एवं ट्रैक सूट प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान पलामू स्पोर्ट्समेन एसोसिएशन एवं मासूम आर्ट ग्रुप के सहयोग से प्रदान किया गया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी को उपाध्यक्ष मनोहर कुमार एवं महासचिव रथिन भद्र ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया, जबकि उपायुक्त दिलीप सिंह शेखावत को अध्यक्ष संजय रंजन सिंह ने सम्मानित किया।

खेलों के क्षेत्र में योगदान के लिए उप सचिव सनत चटर्जी, कार्यकारिणी सदस्य राजू मुखर्जी एवं आयोजन समिति के कोषाध्यक्ष साहेब सिंह नामधारी को भी सम्मानित किया गया।

ब्राइट लैंड स्कूल की संस्थापक रागिनी सिंह को साइक्लोथॉन के शुभारंभ के लिए विद्यालय परिसर उपलब्ध कराने एवं कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग देने के लिए उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन राजू मुखर्जी ने किया।

इस अवसर पर मनोहर कुमार लाली, सुरेश, राहुल सिंह (प्राचार्य, ब्राइट लैंड स्कूल), सुशील सिन्हा, ललन सिन्हा, नरेन्द्र सिंह, प्रमोद दास रंजन, बृजेश कुमार, राजकुमार गुप्ता, विवेक चौबे, रंजीत चंद्रवंशी, मनीष मिश्रा, प्रसेंजित दास एवं अजीत पाठक सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक एवं नागरिक उपस्थित थे।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों और नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यह साबित किया कि खेलों के माध्यम से नशामुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *