Home

राहुल गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस ने दिया हरियाली का संदेश, बिरसा मुंडा एग्रो पार्क में हुआ पौधरोपण

Gumla: नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जशपुर रोड स्थित बिरसा मुंडा एग्रो पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने किया. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया.

पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा प्रकृति संरक्षण, सामाजिक सरोकार और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते रहे हैं. उनके जन्मदिन पर वृक्षारोपण कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया है. उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना समय की आवश्यकता है. यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा.

सेवा और समर्पण के रूप में मनाया गया जन्मदिवस

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर निरंतर जागरूकता अभियान चलाती रही है. राहुल गांधी के जन्मदिवस को सेवा, समर्पण और प्रकृति संरक्षण के संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया. मौके पर मनीष कुमार हिंदुस्तान, संजीव मलानी, नगर अध्यक्ष जय सिंह, गुलाम सरवर, रफी अली, रूपेश कुमार, सागीर आलम, अभिषेक सोरेंग, पंचम बिलुंग सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *