Home

एचईसी के बंद होने की आशंका निराधार, उत्पादन में दोगुनी वृद्धि से सुधार के संकेत: लीलाधर सिंह

रांची । हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के महामंत्री सह इंटक के राष्ट्रीय संगठन सचिव लीलाधर सिंह ने कहा है कि हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) फिलहाल बंद नहीं होगा और कामगारों की मेहनत से संस्थान को पुनर्जीवित करने की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि वित्तीय संकट से जूझ रहे एचईसी में उत्पादन बढ़ोतरी नई उम्मीद लेकर आई है। कामगारों के भीतर उत्पादन को लेकर नई ऊर्जा और उत्साह देखा जा रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद कारखाने में उपलब्ध लोहे के स्क्रैप और चिप्स को गलाकर उत्पादन किया जा रहा है, जिससे बेहतर परिणाम प्राप्त हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि निदेशक (उत्पादन) के नेतृत्व में चल रहे प्रयास एचईसी को पुनः मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। लीलाधर सिंह ने विश्वास जताया कि श्रमिकों की एकजुटता और मेहनत से संस्थान को फिर से नई पहचान मिलेगी।

आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 के अप्रैल-मई में एचईसी के तीनों प्लांटों की कुल उत्पादन एवं मशीन बिक्री 5.89 करोड़ रुपये थी, जो वर्ष 2026 के इसी अवधि में बढ़कर 10.01 करोड़ रुपये पहुंच गई है। इस प्रकार एक वर्ष में उत्पादन और बिक्री में लगभग दोगुनी वृद्धि दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में अप्रैल माह में 2.80 करोड़ रुपये तथा मई में 3.09 करोड़ रुपये का उत्पादन हुआ था, जबकि वर्ष 2026 में अप्रैल में 3.33 करोड़ रुपये और मई में 6.68 करोड़ रुपये का उत्पादन दर्ज किया गया।

लीलाधर सिंह के अनुसार इस उत्पादन में एचएमबीपी प्लांट की प्रमुख भूमिका रही, जबकि एफएफपी और एचएमटीपी प्लांट में उत्पादन नहीं हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *