रांची

रांची सिटीजन फोरम ने वार्ड पार्षदों को सौंपा ज्ञापन, जलजमाव समेत विभिन्न समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

रांची, 17 जून 2026: रांची सिटीजन फोरम ने शहर के सभी 53 नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों से मुलाकात अभियान शुरू करते हुए उनके वार्डों की प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपना शुरू किया है। फोरम के अध्यक्ष दीपेश निराला के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत अब तक 15 वार्ड पार्षदों से मुलाकात की जा चुकी है। इस दौरान सभी पार्षदों को अंगवस्त्र भेंट कर उनके निर्वाचन पर बधाई भी दी गई।

फोरम ने विशेष रूप से रांची शहर में लगातार बढ़ रही जलजमाव की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में जल निकासी के स्रोतों की पहचान कर उन्हें अविलंब साफ कराने का आग्रह किया। साथ ही जहां अतिक्रमण के कारण जल निकासी बाधित हो रही है, वहां आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि 15 से 20 वर्ष पूर्व रांची में वर्तमान की तुलना में अधिक वर्षा होने के बावजूद जलजमाव की समस्या नहीं होती थी। इसका मुख्य कारण जल निकासी के प्राकृतिक और पारंपरिक मार्गों का सुचारु रूप से संचालित होना था। वर्तमान में इन मार्गों के अवरुद्ध होने और अतिक्रमण बढ़ने के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है।

ज्ञापन में जलजमाव के अलावा बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट, जाम एवं खुले नाले, क्षतिग्रस्त सड़कें, पार्कों की बदहाल स्थिति, बच्चों के लिए खेल मैदानों की कमी, अनियमित सफाई व्यवस्था, अपर्याप्त जलापूर्ति तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया।

मुलाकात के दौरान कई वार्ड पार्षदों ने फोरम को बताया कि वे अपने क्षेत्रों में विकास कार्य कराना चाहते हैं, लेकिन रांची नगर निगम द्वारा फंड की कमी का हवाला दिए जाने से योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा आ रही है। पार्षदों का कहना था कि नगर निगम का ध्यान बड़ी परियोजनाओं पर अधिक केंद्रित है, जबकि वार्ड स्तर की छोटी लेकिन आवश्यक विकास योजनाओं को प्राथमिकता देने की जरूरत है।

रांची सिटीजन फोरम ने सभी पार्षदों को आश्वस्त किया कि वह चर्चा, संवाद, जनजागरूकता और रचनात्मक सहयोग के माध्यम से उनके साथ सकारात्मक सहभागिता बनाए रखेगा, ताकि नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके तथा इसका लाभ नगर निगम के सभी 53 वार्डों की जनता को मिले।

फोरम के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष दीपेश निराला, उपाध्यक्ष उमाशंकर सिंह, सचिव रेणुका तिवारी, संयुक्त सचिव मनीष बक्शी एवं संतोष मृदुला सहित सुजीत कुमार पांडेय, कुमार अभिषेक दुबे और राजेश कुमार समेत अन्य सदस्य शामिल थे। अभियान के तहत आने वाले दिनों में शेष वार्ड पार्षदों से भी मुलाकात की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *