Home

जमशेदपुर में छत काटकर कोलकाता ज्वेलर्स में सेंधमारी, 4 किलो चांदी और कैश ले उड़े चोर

Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के टैंक रोड स्थित कोलकाता ज्वेलर्स में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने दुकान की छत काटकर अंदर प्रवेश किया और करीब चार किलो चांदी के जेवरात तथा नकदी चोरी कर फरार हो गए। हालांकि, दुकान की मजबूत तिजोरी नहीं टूटने के कारण उसमें रखा कीमती सोना सुरक्षित बच गया। जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक जितेंद्र कुमार रात करीब साढ़े आठ बजे दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। अगली  सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और कई अलमारियां खुली हुई थीं। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

दो परत वाली छत काटकर दुकान में घुसे बदमाश

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। दुकान की छत पर लगे टीन शेड की पहली परत हटाने के बाद दूसरी परत को कटर से काटकर अंदर प्रवेश किया गया। इसके बाद बदमाशों ने पूरी दुकान को खंगाल डाला।

चार किलो चांदी और नकदी पर किया हाथ साफ

दुकान संचालक के अनुसार, चोर लगभग चार किलोग्राम चांदी के आभूषण और कैश बॉक्स में रखे करीब आठ हजार रुपये नकद अपने साथ ले गए। चोरी के दौरान बदमाशों ने दुकान की मुख्य तिजोरी को भी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन तिजोरी काफी मजबूत होने के कारण वे सफल नहीं हो सके।

तिजोरी सुरक्षित रहने से बच गया लाखों का सोना

चोरों का मुख्य निशाना तिजोरी में रखा सोना था। उन्होंने तिजोरी को काटने और तोड़ने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इससे तिजोरी में रखा लाखों रुपये मूल्य का सोना सुरक्षित बच गया। यदि तिजोरी टूट जाती तो नुकसान कई गुना अधिक हो सकता था।

मौके पर पहुंची पुलिस, खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज

घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *