25वीं झारखंड जूनियर शतरंज चैंपियनशिप: अंडर-9 और अंडर-13 वर्ग के विजेताओं को मिली ट्रॉफी
रांची, 14 जून 2026: सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित 25वीं झारखंड राज्य जूनियर शतरंज चैंपियनशिप 2026 में रविवार को अंडर-9 और अंडर-13 वर्ग के मुकाबलों का समापन हुआ। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों के युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफियों पर कब्जा जमाया।
अंडर-9 बालिका वर्ग में पूर्वी सिंहभूम की टी. निहारिका, हजारीबाग की स्वस्तिका प्रजापति, पूर्वी सिंहभूम की अनिशा कुमारी, रांची की ओजस्वी तथा पूर्वी सिंहभूम की टी. नेहा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ट्रॉफी जीती।
वहीं अंडर-9 ओपन वर्ग में हजारीबाग के अद्विक भूषण, पूर्वी सिंहभूम के रित्विक, रिधान और रियान, तथा रांची के कृशांक ने शीर्ष स्थान हासिल करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की।
अंडर-13 बालिका वर्ग में पूर्वी सिंहभूम की अदिति, विदुषी और तनिषा, रांची की रेसा मायरा तथा पूर्वी सिंहभूम की ईशानी चौधरी ने ट्रॉफी जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
दूसरी ओर अंडर-13 ओपन वर्ग में रांची के कबीर आदित्य, पूर्वी सिंहभूम के सचित अरुण, रांची के उजन मंडल, पूर्वी सिंहभूम के रूद्रनिल रॉय तथा पश्चिमी सिंहभूम के आदित्य वर्धन ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
पुरस्कार वितरण समारोह में वरिष्ठ पत्रकार संजय कृष्ण, पंजाब नेशनल बैंक के सीनियर मैनेजर अमरजीत कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता सुबोध सिंह गुड्डू, आरडीसीए के महासचिव नवजोत अलंग, टूर्नामेंट कन्वेनर आशीष साहू, चीफ आर्बिटर दीपक कुमार, एजेसीए की मैनेजर मानसी सिंह, अरुण कुमार, विशाल मिंज एवं विनोद कुमार उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान करती हैं।
