खेल

सिमडेगा जिला कुश्ती संघ की नई कार्यकारिणी का गठन, बसंत बा बने अध्यक्ष

सिमडेगा, 14 जून 2026: सिमडेगा जिला कुश्ती संघ की वार्षिक बैठक रविवार को हॉकी सिमडेगा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मनोज कुमार प्रसाद ने की। बैठक में जिले में कुश्ती खेल के विकास, प्रशिक्षण व्यवस्था और आगामी प्रतियोगिताओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में तय किया गया कि 5 जुलाई 2026 को जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों को आमंत्रित किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना और जिले में कुश्ती को बढ़ावा देना है।

इसके अलावा, ठेठाईटांगर प्रखंड के जामबहार तथा कुरडेग प्रखंड के कुसियार पानी में कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने का निर्णय लिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की जिम्मेदारी अनुभवी प्रशिक्षक बलबीर प्रसाद को सौंपी गई है।

बैठक में सिमडेगा में कुश्ती खेल के व्यापक विकास पर भी चर्चा की गई। सदस्यों ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

इस अवसर पर वर्ष 2026-30 के लिए सिमडेगा जिला कुश्ती संघ की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। नई समिति में बसंत बा को अध्यक्ष, सोनू ठाकुर और सुषमा प्रधान को उपाध्यक्ष, राजू मांझी को सचिव, धनंजय कुमार एवं लक्ष्मी कुमारी को संयुक्त सचिव तथा बलबीर प्रसाद को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं रघुनाथ मांझी, स्मिता तिग्गा और सरस्वती कुमारी को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।

बैठक में मनोज कुमार प्रसाद और कमलेश्वर मांझी ने कहा कि वे भविष्य में भी कुश्ती खेल के विकास के लिए अपना सहयोग देते रहेंगे।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष बसंत बा ने कहा कि सिमडेगा को कुश्ती के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में जिले के खिलाड़ियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *