Home

निःशुल्क समर कैंप संपन्न, छात्राओं को मिला बहुआयामी प्रशिक्षण

रांची, 07 जून । अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, रांची शाखा की ओर से रविवार को शिवनारायण विद्यालय में आयोजित पांच दिवसीय निःशुल्क समर कैंप समारोह संपन्न हुआ।

शिविर के दौरान छात्राओं को योग, आत्मरक्षा, चित्रकला, संगीत, नृत्य और आध्यात्मिक शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों का प्रशिक्षण दिया गया।

मौके पर शाखा अध्यक्ष सरिता अग्रवाल और पूर्व अध्यक्षों ने विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों को सम्मानित करते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिविर में उषा विजयवर्गीय और निशा ने मंत्रोच्चारण और गीता के श्लोकों का अभ्यास कराते हुए एकाग्रता और मानसिक शांति के महत्व पर प्रकाश डाला। रेखा जैन ने छात्राओं को सहज आर्ट और चित्रकला का प्रशिक्षण दिया, जबकि बेबी शर्मा ने दैनिक जीवन में उपयोगी योगाभ्यास कराया।

झारखंड के वुशु कोच कार्तिक ने आत्मरक्षा के गुर सिखाने के साथ पुलिस, सेना और सीआईएसएफ जैसे क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं की जानकारी दी। मीतू विजयवर्गीय ने शास्त्रीय संगीत आधारित नृत्य कला का प्रशिक्षण दिया।

शिविर के समापन पर छात्राओं के बीच ड्राइंग कॉपी, क्रेयॉन, ड्राइंग शीट, पेंसिल, इरेजर और शार्पनर वितरित किए गए। स्वादिष्ट जलपान, आम-पानी और आइसक्रीम के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

यह जानकारी मीडिया प्रभारी रीना सुरेखा ने दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने में कई सदस्याें का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मौके पर शाखा अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, वुशु कोच कार्तिक, उषा विजयवर्गीय, निशा, मीतू विजयवर्गीय सहित बड़ी संख्या में अन्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *