Home

महिला डॉक्टर, सड़क, पानी और पदोन्नति की मांग, पतरातू में रेलकर्मियों ने की आवाज बुलंद

Ramgarh : ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ईसीआरकेयू) के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को डीजल शेड पतरातू के सीनियर डीएमई (डीजल) अनिल कुमार सिंह से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान रेलकर्मियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को विस्तार से उनके सामने रखा गया। यूनियन नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ईसीआरकेयू के अपर महामंत्री सह एआईआरएफ वर्किंग कमेटी सदस्य मो. ज्याऊद्दीन और एआईआरएफ के जोनल सचिव ओपी शर्मा ने किया। उनके साथ पतरातू शाखा-2 के सचिव अजीत कुमार समेत यूनियन के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

महिला चिकित्सक की नियुक्ति समेत कई मुद्दे उठाए

बैठक के दौरान यूनियन की ओर से रेलवे अस्पताल पतरातू में महिला चिकित्सक की नियुक्ति की मांग प्रमुखता से उठाई गई। नेताओं ने कहा कि महिला कर्मचारियों और रेलकर्मियों के परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए महिला डॉक्टर की उपलब्धता जरूरी है।इसके अलावा रेलवे कॉलोनियों और मुख्य सड़क के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराने, स्टीम कॉलोनी से डीजल शेड तक जाने वाली जर्जर सड़क की मरम्मत कराने तथा नव निर्मित रेलवे आवासों में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई।

पार्किंग और पदोन्नति का मुद्दा भी उठा

यूनियन प्रतिनिधियों ने डीजल शेड परिसर में कर्मचारियों के लिए साइकिल और मोटरसाइकिल पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने की मांग की। उनका कहना था कि पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने से कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों की लंबित पदोन्नति प्रक्रिया जल्द शुरू करने का अनुरोध भी किया गया। यूनियन नेताओं ने कहा कि लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे कर्मचारियों में निराशा है और इस प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाना चाहिए।

अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का भरोसा

प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद सीनियर डीएमई (डीजल) अनिल कुमार सिंह ने यूनियन को आश्वस्त किया कि रेलवे प्रशासन कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और कर्मचारियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। मौके पर ओंकार चौधरी, मनोज श्रीवास्तव, शंकर दयाल दास, शैलेश कुमार राय, अभिषेक कुमार, सतीश कुमार, मोहम्मद इस्लाम, सलामुद्दीन, उमेश, बाबूलाल, बैजनाथ महतो, एन गोप, राजेश गुप्ता, उत्तम कुमार, बीके मंडल, कुणाल कुमार गुप्ता, जाकिर हुसैन, तपन बाउरी, राकेश कुमार और नितेश कुमार सहित यूनियन के कई सदस्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *