कोर्ट की सख्ती के बाद जागा JPSC, 22 महीने बाद जारी की फाइनल आंसर-की

Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने आखिरकार सिविल जज (जूनियर डिविजन) प्रारंभिक परीक्षा 2024 की फाइनल आंसर-की जारी कर दी है। लंबे समय से इस परीक्षा को लेकर चल रहे विवाद और कोर्ट की सख्त टिप्पणियों के बाद आयोग ने यह कदम उठाया है। अब अभ्यर्थियों की नजर संशोधित रिजल्ट और नई मेरिट लिस्ट पर टिकी हुई है। जेपीएससी ने सिविल जज (जूनियर डिविजन) के 138 पदों पर नियुक्ति के लिए 10 मार्च 2024 को प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की थी। परीक्षा के बाद आयोग ने तीन बार मॉडल उत्तर (मॉडल आंसर-की) जारी की और 2 जुलाई 2024 को पीटी परीक्षा का परिणाम और कटऑफ भी प्रकाशित कर दिया। उस समय कुल 1797 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था।
मॉडल उत्तर और आरक्षण को लेकर बढ़ा विवाद
रिजल्ट जारी होने के बाद अभ्यर्थियों ने मॉडल उत्तर में कई त्रुटियों की ओर ध्यान दिलाया। इसके अलावा आरक्षण नीति और दिव्यांग कोटा को लेकर भी सवाल उठाए गए। धीरे-धीरे मामला कानूनी लड़ाई में बदल गया और झारखंड हाईकोर्ट से होते हुए सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया। अभ्यर्थियों का आरोप था कि कोर्ट के निर्देश के बावजूद आयोग संशोधित परिणाम जारी करने में देरी कर रहा है। इसी को लेकर आयोग के खिलाफ अवमानना याचिका भी दायर की गई। सुनवाई के दौरान अदालत ने आयोग के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कड़ी फटकार लगाई थी। विवाद की वजह से मुख्य परीक्षा की प्रक्रिया भी आगे नहीं बढ़ पाई।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद जारी हुई फाइनल आंसर-की
सुप्रीम कोर्ट ने 9 फरवरी 2026 को आयोग को संशोधित परिणाम जारी करने का निर्देश दिया था। इसके लगभग चार महीने बाद जेपीएससी ने सोमवार को फाइनल आंसर-की जारी कर दी। नई आंसर-की में कुल 100 प्रश्नों में से पांच प्रश्नों के उत्तर बदले गए हैं। वहीं दो प्रश्नों को पूरी तरह से ड्रॉप कर दिया गया है। इससे कई अभ्यर्थियों के अंकों और मेरिट पर असर पड़ सकता है। फाइनल आंसर-की में यह भी सामने आया कि तीन ऐसे प्रश्न थे जिनके सभी विकल्प गलत थे। ऐसे मामलों में आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को समान रूप से लाभ देने का फैसला किया है। इन तीनों प्रश्नों के लिए प्रत्येक उम्मीदवार को एक-एक अंक दिया जाएगा।
अब संशोधित रिजल्ट और मेरिट लिस्ट का इंतजार
फाइनल आंसर-की जारी होने के बाद अब आयोग को संशोधित कटऑफ और नई मेरिट लिस्ट जारी करनी होगी। माना जा रहा है कि इसके बाद मुख्य परीक्षा की नई तिथि की भी घोषणा की जाएगी।लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया में फंसे अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि अब चयन प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ेगी और उन्हें जल्द अगला मौका मिलेगा।
अगस्त 2023 से चल रही है भर्ती प्रक्रिया
सिविल जज (जूनियर डिविजन) भर्ती प्रक्रिया अगस्त 2023 से चल रही है। कुल 138 पदों में 60 पद अनारक्षित वर्ग के लिए निर्धारित हैं। इसके अलावा 28 पद एसटी, 12 एससी, 10 पद बीसी-1, 15 पद बीसी-2 और 13 पद ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आरक्षित हैं। करीब दो साल से चल रही इस भर्ती प्रक्रिया में फाइनल आंसर-की जारी होना एक बड़ा कदम माना जा रहा है। अब हजारों अभ्यर्थियों को संशोधित रिजल्ट और मुख्य परीक्षा की तारीख का इंतजार है।
